मुख्यपृष्ठसमाचारचीनी की महंगाई और एथेनॉल मिश्रण से देशवासी त्राहि-त्राहि- कांग्रेस

चीनी की महंगाई और एथेनॉल मिश्रण से देशवासी त्राहि-त्राहि- कांग्रेस

अनिल मिश्र / पटना

देशभर में चीनी के दाम में बेशुमार वृद्धि एवं पेट्रोलियम पदार्थों में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाने से देशवासियों की रसोई और गाड़ी, दोनों का जायका बिगाड़ने का काम सरकार कर रही है। इस संबंध में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, टिंकू गिरी, शिव कुमार चौरसिया, सुजीत गुप्ता, प्रद्युम्न दुबे, रूपेश चौधरी आदि ने कहा कि चीनी के दाम में लगभग 32 प्रतिशत की वृद्धि से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। बाजार में एक कप चाय का दाम भी दोगुना हो गया है।
नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार की गलत नीति यानी पेट्रोलियम पदार्थों में 20 प्रतिशत एथेनॉल के मिश्रण से देशवासियों को दोहरा नुकसान हो रहा है। एक ओर गाड़ियां कम माइलेज दे रही हैं, तो दूसरी ओर उनके इंजन और मशीनरी भी अधिक खराब हो रही है।
चीनी के दाम में बेतहाशा वृद्धि के भी दो प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। पहला, गन्ने के उत्पादन का करीब 30 प्रतिशत हिस्सा एथेनॉल बनाने में इस्तेमाल होना तथा दूसरा, महाराष्ट्र एवं कर्नाटक जैसे अधिक गन्ना उत्पादन वाले राज्यों में कम वर्षा के कारण उत्पादन में कमी आना है।
इस बीच नेताओं ने सरकार से अविलंब गन्ने का उपयोग एथेनॉल उत्पादन में नहीं करने की मांग की है, ताकि चीनी की महंगाई कम हो सके और वाहनों को खराब होने से बचाया जा सके।

अन्य समाचार