-अंबोली पुलिस में मामला दर्ज, जांच जारी
सुनील ओसवाल / मुंबई
बॉलीवुड की फिल्में अपराध और एक्शन की हैरतअंगेज कहानियां और सीन दिखाती हैं। ऐसे सीन फिल्मी होते हैं। मगर इसी बॉलीवुड की दुनिया से एक ऐसा रियल क्राइम ड्रामा सामने आया है, जिसने एक्शन फिल्मों को भी फेल कर डाला है। बॉलीवुड की एक नायिका ने अपने साथी दादा और १०-१५ गुंडों के साथ मिलकर एक फिल्म निर्माता को अंधेरी के स्टूडियो में बंधक बना लिया। पिस्तौल और चाकू लहराते हुए पहले तो २५ लाख रुपए की मांग की गई। विरोध करने पर निर्माता को बेदर्दी से पीटा गया। डर से निर्माता ने १० लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। छूटने के बाद निर्माता ने अंबोली पुलिस थाने में जकर नायिका और उसके गुंडों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
गैंग ने निर्माता से जबरन ई-मेल लिखवाया कि ‘ये रकम उस अभिनेत्री की एक्टिंग फीस का एडवांस है!’ इस घटना के बाद पूरे तीन घंटे निर्माता को केबिन में वैâद रखा गया और बाहर निकलने तक डर का खौफनाक खेल जारी रहा। रिहा करने से पहले गैंग ने साफ कहा, ‘अगर पुलिस में शिकायत की तो अंजाम जानलेवा होगा!’ ४८ वर्षीया निर्माता का नाम कृष्णकुमार वीरसिंह मीणा उर्फ के. कुमार है। घटना के बाद निर्माता मीणा ने हिम्मत दिखाते हुए अंबोली थाने पहुंचकर पूरी वारदात का मामला दर्ज कराया। अंबोली पुलिस ने तुरंत अभिनेत्री, उसके साथी दादा और गुंडों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
