कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शिवाला पहुंचकर किया निरीक्षण
उमेश गुप्ता / वाराणसी
वाराणसी के शिवाला में सीवर के अंदर बालू से भरी बोरियां मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नगर निगम की जांच में शिवाला के सीवर से 12 बोरी बालू मिली थी। शहर के दूसरे इलाकों में भी सीवर के अंदर बोरियों में मलबा, बुरादा और ईंट-पत्थर मिलने की बात सामने आई थी। नगर निगम ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई है।
अब कांग्रेस ने इसी मामले को लेकर नगर निगम पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सोमवार को शिवाला पहुंचे। उन्होंने सीवर में बोरी मिलने वाली जगह का निरीक्षण किया। रंभा से मेनहोल का ढक्कन खुलवाया। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ सीवर की स्थिति देखी।
इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि शिवाला में त्रिनेत्र कमांड सेंटर के कैमरे लगे हैं। ऐसे में नगर निगम को यह बताना चाहिए कि सीवर में बोरियां किसने डालीं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर घटना की जगह के आसपास CCTV कैमरे हैं तो उनकी फुटेज सामने क्यों नहीं लाई जा रही है।
उन्होंने नगर निगम से फुटेज सार्वजनिक करने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। अजय राय ने आरोप लगाया कि अपनी नाकामी छिपाने के लिए इस तरह का कृत्य किया गया है।
ज्ञात हो कि नगर निगम के मुताबिक, शिवाला समेत शहर के कई इलाकों की सीवर लाइनों की सफाई के दौरान अवरोधक सामग्री मिली थी। शिवाला में करीब 12 बोरी बालू निकाली गई थी। इसके अलावा अन्य स्थानों पर बालू, पत्थर, लकड़ी का बुरादा, प्लाई और प्लास्टिक जैसी सामग्री मिलने की जानकारी दी गई थी।
मुख्य सीवर लाइन में अवरोध के कारण आसपास की गलियों में सीवर ओवरफ्लो और जलभराव की स्थिति बनी थी। जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता की शिकायत पर भेलूपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
