मुख्यपृष्ठसमाचारबिहार प्रदेश के गया जिले स्थित टिकारी नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में...

बिहार प्रदेश के गया जिले स्थित टिकारी नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती चोरी की घटनाएं चिंताजनक

अनिल मिश्र / पटना

टिकारी प्रखंड क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी एवं डकैती की घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सत्येंद्र नारायण एवं सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने पंचानपुर थाना क्षेत्र के उसरी गांव पहुंचकर हाल ही में डकैती की घटना से प्रभावित परिवार से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सत्येंद्र नारायण ने कहा कि टिकारी क्षेत्र में पिछले कई महीनों से चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने मामले की जांच वरीय पुलिस पदाधिकारी की निगरानी में कराने तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
उन्होंने टिकारी क्षेत्र के पुलिस पदाधिकारी के निलंबन की भी मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।
सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने कहा कि कुछ माह पूर्व चर्चित शिक्षक एवं कवि अबरार आलम के घर चोरी की घटना हुई थी, लेकिन पुलिस की अकर्मण्यता के कारण उसका खुलासा नहीं हो सका। इसी प्रकार कांग्रेस नेता बृजमोहन शर्मा के घर हुई चोरी की घटना का भी अब तक संतोषजनक खुलासा नहीं हो सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण अपराधियों के हौसले बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि विगत एक सप्ताह में टिकारी नगर क्षेत्र में तीन चोरी की घटनाएं तथा पंचानपुर थाना क्षेत्र के उसरी गांव में डकैती की घटना इसका प्रमाण हैं। आज अपराधियों के मन से पुलिस का भय समाप्त हो चुका है। टिकारी थाना से कुछ ही दूरी पर चोरी की घटनाएं होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की जवाबदेही तय करने, दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा पुलिस पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच की मांग की।

अन्य समाचार