मुख्यपृष्ठनए समाचारदो गुट में बंटी उल्हासनगर भाजपा!

दो गुट में बंटी उल्हासनगर भाजपा!

-शिंदे गुट से युति को लेकर रवींद्र चव्हाण का विरोध, कुमार आयलानी ने किया समर्थन असमंजस में हैं बीजेपी के कार्यकर्ता

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई सहित राज्य की सभी महापालिकाओं का चुनाव कभी भी घोषित हो सकता है। इस दरम्यान उल्हासनगर भाजपा, शिंदे गुट से युति को लेकर दो गुट में बंट गई है। भाजपा प्रदेशअध्यक्ष रवींद्र चव्हाण गुट किसी भी हालत में शिंदे गुट से युति के पक्ष में नहीं है। वहीं भाजपा विधायक कुमार आयलानी गुट शिंदे गुट के साथ युति के पक्ष में है। ऐसी स्थिति में आम भाजपा कार्यकर्ता असमंजस की स्थिति में है कि वे करें तो क्या करें।
बताया जाता है कि पिछले दिनों टाउन हॉल में टीम ओमी कालानी गुट के पूर्व नगरसेवकों का भाजपा में प्रवेश आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम का आयोजन कुमार आयलानी गुट ने किया था। इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष राजेश वदरिया, लाल पंजाबी, चंद्रकांत मिश्रा आदि उपस्थित थे, लेकिन रवींद्र चव्हाण गुट के प्रदीप रामचंदानी, जमनु पुरस्वानी, नरेंद्र राजानी आदि अनुपस्थित थे यानी यहां भाजपा दो गुटों में बंटी हुई स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
सबसे आश्चर्यजनक बात यह है कि भाजपा के एक पूर्व नगरसेवक ने अपने परिवार के चार लोगों के लिए टिकट की मांग की है। अगर भाजपा ने टिकट नहीं दिया तो पार्टी छोड़ने की धमकी दी है। यह पूर्व नगरसेवक रवींद्र चव्हाण गुट का बताया जाता है।
बताया जाता है कि तीन दिन पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण के अपने डोेंबिवली निवास पर उल्हासनगर भाजपा पदाधिकारियों और कोर कमेटी के सदस्यों की बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में विभिन्न स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा अलग-अलग बयान दिए जाने को लेकर चव्हाण ने नाराजगी जताई थी। हालांकि, शिंदे गुट से युति को लेकर जब पदाधिकारियों ने चव्हाण से पूछा तो वे भी युति के संबंध में कुछ नहीं बोले। भाजपा के एक पदाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शिंदे गुट से युति को लेकर खुद प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण भी असंमजस में दिखाई दे रहे हैं।
आयारामों को मिलेगा टिकट
भाजपा जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि आगामी मनपा चुनाव में आयारामों को मौका दिया जाएगा। जिला अध्यक्ष राजेश वदरिया का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें वे यह कहते हुए दिखाई दे रहे है कि मनपा चुनाव में नए चेहरों यानी आयारामों को भी मौका दिया जाएगा और पुराने चेहरों को भी मौका दिया जाएगा।

अन्य समाचार

मन पाखी