मुख्यपृष्ठनए समाचारडोंबिवली के केडीएमसी अस्पताल में हंगामा...शिंदे गुट के पूर्व नगरसेवक की गुंडागर्दी!.....

डोंबिवली के केडीएमसी अस्पताल में हंगामा…शिंदे गुट के पूर्व नगरसेवक की गुंडागर्दी!.. महिला डॉक्टर समेत ६ स्वास्थ्यकर्मियों से मारपीट

सुनील ओसवाल / मुंबई

महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था और डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। डोंबिवली के केडीएमसी के शास्त्रीनगर अस्पताल में शिंदे गुट के एक नगरसेवक और उनके समर्थकों पर महिला डॉक्टर समेत छह स्वास्थ्यकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे अस्पताल में अफरातफरी मच गई और डॉक्टरों व कर्मचारियों ने कामबंद आंदोलन शुरू कर दिया। आरोप है कि नगरसेवक ने एक महिला डॉक्टर, दो अन्य डॉक्टरों और तीन महिला नर्सों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। इतना ही नहीं, अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों को भी कथित तौर पर कार्यकर्ताओं ने रोककर रखा, जिससे चिकित्सा कर्मियों को तत्काल मदद नहीं मिल सकी। बताया जा रहा है कि एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए अस्पताल लाया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि नवजात को जन्म के बाद एनआईसीयू की जरूरत पड़ सकती है, लेकिन अस्पताल में सभी एनआईसीयू बेड पहले से भरे होने के कारण मरीज को दूसरे अस्पताल रेफर करने की सलाह दी गई। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मामला कथित तौर पर हिंसा तक पहुंच गया।
अस्पताल कर्मचारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
अस्पताल के कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब राज्य में डॉक्टरों पर हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अब सवाल उठ रहा है कि यदि अस्पतालों में भी जनप्रतिनिधियों की कथित दबंगई से डॉक्टर सुरक्षित नहीं हैं, तो आम स्वास्थ्य व्यवस्था का क्या होगा?

अन्य समाचार