राजेश सरकार / प्रयागराज
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर महर्षि महेश योगी आश्रम में वैदिक विधि-विधान के साथ गुरु पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी शामिल हुए।
महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि गुरु के बिना ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि महर्षि महेश योगी ने अपने वैदिक पंडितों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को विश्व पटल पर स्थापित किया, जिससे सनातन संस्कृति और भारतीय सभ्यता को नई पहचान एवं नई ऊंचाइयां मिलीं।
कार्यक्रम में आश्रम प्रभारी सुनील श्रीवास्तव एवं बसंत दास ने मुख्य अतिथि तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण कर, अंगवस्त्र एवं प्रसाद भेंट कर स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन भूपेंद्र महाराज ने किया।
इस अवसर पर धर्मेंद्र श्रीवास्तव, सभासद मुकेश लारा, सरदार पतविंदर सिंह, मीडिया प्रभारी संजय श्रीवास्तव, आचार्य ऋषि त्रिवेदी, जितेंद्र दास, राम मंगल गुप्ता, संस्कार सिन्हा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
