सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसमें से दो-तीन इलाके ऐसे हैं, जहां अपराध की दर लगातार बढ़ रही है। उनमें से एक पुणे जिले की स्थिति बीड जैसी ही हो गई है। लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। अब वर्दी का डर नहीं रह गया है, पुलिस का डर समाप्त हो गया है। मुख्यमंत्री कहते हैं कि पुणे में गुंडागर्दी बढ़ गई है। इस स्थिति के लिए कौन जिम्मेदार है? ऐसा सवाल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने सरकार से किया है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य में लगातार बढ़ रहे अपराधों की जांच करने के बजाए, सरकार चुप है। मुख्यमंत्री खुद कहते हैं कि पुणे में गुंडागर्दी बढ़ गई है। निवेश नहीं आ रहे है, आखिरकार इन अपराधियों के पीछे कौन है? इनका समर्थन कौन कर रहा है? ऐसा सवाल सुले ने किया। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से पूछा कि सरकार ने गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई की है?
