मुख्यपृष्ठनए समाचारमोदी रिटायर होंगे या नहीं?..अब मोहन भागवत भी नरम पड़े

मोदी रिटायर होंगे या नहीं?..अब मोहन भागवत भी नरम पड़े

-संघ प्रमुख ने दी सफाई

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

भाजपा में ७५ की उम्र पूरी कर लेनेवाले नेताओं के लिए रिटायर होने का नियम बनाया गया है। लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी से लेकर कई वरिष्ठ नेताओं को इसी आधार पर घर बैठने पर मजबूर कर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अगले महीने ७५ की उम्र के हो जाएंगे। ऐसे में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उनकी जगह पीएम बनने का सपना देख रहे हैं। संघ प्रमुख मोहन भागवत भी कई बार अपने विभिन्न संबोधनों में ७५ की उम्र में रिटायरमेंट की वकालत करते आए हैं। मोहन भागवत भी अगले महीने ७५ के हो जाएंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि ये दोनों नेता अपने पदों से रिटायर होकर नए लोगों का रास्ता साफ करेंगे। मगर अब मोदी के रिटायरमेंट के सवाल पर भागवत नरम पड़ते हुए अपने बयान पर सफाई दे रहे हैं।
मोहन भागवत ने अपने पूर्व के बयान पर सफाई देते हुए कहा कि मैंने यह कभी नहीं कहा कि ७५ साल में रिटायर हो जाना चाहिए। ७५ साल की उम्र में मैं रिटायर हो जाऊंगा या किसी और को रिटायर हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम जिंदगी में किसी भी समय रिटायर होने के लिए तैयार हैं। अगर संघ हमसे जिस भी समय तक काम कराना चाहेगा तो हम उस समय तक संघ के लिए काम करने के लिए तैयार हैं। अगर ८० साल की उम्र में संघ कहेगा कि आओ शाखा चलाओ, तो मुझे करना ही होगा।
हाल के दिनों में संघ प्रमुख कई बार पीएम को दे चुके हैं रिटायरमेंट के संकेत
हाल के दिनों में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने विभिन्न कार्यक्रमों में ७५ की उम्र पूरी होने पर रिटायरमेंट को लेकर कई बयान दिए थे। इससे माना जा रहा था कि भागवत मोदी को रिटायर होने का संकेत दे रहे हैं।
कांग्रेस ने लगाई क्लास
कांग्रेस ने संघ प्रमुख की ७५ साल की उम्र से संबंधित ताजा टिप्पणी को लेकर कल शुक्रवार को उन पर कटाक्ष किया और कहा कि उन्होंने एक महीने में दो विपरीत बयान दिए हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने उनके दो बयानों से संबंधित खबर साझा करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘एक महीना, एक व्यक्ति, दो विपरीत बयान।’
अगले माह ७५ साल के होंगे मोदी और भागवत
पीएम मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत दोनों ही अगले महीने ७५ के हो जाएंगे इसलिए इस पर खूब चर्चा हे रही थी। मगर संघ प्रमुख की इस टिप्पणी ने नेताओं के संन्यास लेने संबंधी उनकी हालिया टिप्पणी पर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया।

अन्य समाचार