उमेश गुप्ता / वाराणसी
वाराणसी के सारनाथ पुलिस ने किन्नर का भेष बदलकर लोगों से अवैध वसूली करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कार्रवाई किन्नर समाज की शिकायत पर की गई।
पुलिस के अनुसार, जैतपुरा क्षेत्र की किन्नर रोशनी नायक ने तहरीर देकर बताया कि उनकी टोली जिन इलाकों में बधाई गाने जाती है, वहां पहले से कुछ लोग किन्नर बनकर धन वसूली कर रहे हैं। जांच-पड़ताल के दौरान पता चला कि पैगंबरपुर क्षेत्र में रोहित उर्फ रजनी और उसका साथी रहीम खान नकली किन्नर बनकर लोगों से पैसे वसूल रहे हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि मना करने पर दोनों ने अभद्रता की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद सारनाथ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने आरोपी रहीम खान पुत्र कलाम, निवासी परसोईं, ओबरा (सोनभद्र) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बेरोजगारी के कारण वह अपने साथी के साथ किराये के मकान में रहकर किन्नर का भेष धारण करता था और घर-घर जाकर बधाई गाने के बहाने लोगों से पैसे वसूलता था। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।
