मुख्यपृष्ठसमाचारमजार के पास मिला युवक का शव, शराब की लत बनी मौत...

मजार के पास मिला युवक का शव, शराब की लत बनी मौत की वजह?

राजेश सरकार / प्रयागराज

आधुनिक समाज में रिश्तों की डोर जितनी कमजोर होती जा रही है, उतनी ही तेजी से पारिवारिक विवाद आत्महत्या, संदिग्ध मौत और हत्या जैसी घटनाओं का कारण बनते जा रहे हैं। लाख कोशिशों के बावजूद ऐसे मामलों पर लगाम नहीं लग पा रही है। ताजा मामला यमुनानगर जोन के घूरपुर थाना क्षेत्र के कल्बना गांव का है, जहां सोमवार दोपहर मजार के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह और शराब की लत मौत की बड़ी वजह बनकर सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
सोमवार दोपहर मजार के पास रहने वाले लोगों और वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर एक युवक के शव पर पड़ी। शव मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और लोगों ने हत्या की आशंका भी जताई। सूचना मिलते ही घूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फिंगर प्रिंट सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में ले लिया।
कुछ ही देर में युवक की पहचान अभिषेक कुमार उर्फ गोलू पुत्र हरिश्चंद्र, निवासी चिल्ली गांव, थाना घूरपुर के रूप में हुई। उसकी शिनाख्त उसके ननिहाल पक्ष के लोगों ने की। हैरानी की बात यह रही कि जहां शव मिला, वहीं उसके मामा की दुकान भी है और ननिहाल भी घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित है।
परिजनों के अनुसार, अभिषेक ने प्रेम विवाह किया था और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। लेकिन शराब की लत ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी। अत्यधिक शराब पीने और घरेलू विवादों के चलते पत्नी उससे अलग हो गई थी। दोनों का एक बेटा भी है। पत्नी से अलगाव के बाद अभिषेक मानसिक रूप से टूट गया था और लगातार नशे का आदी होता चला गया।
घूरपुर थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविवार रात पारिवारिक विवाद के बाद अभिषेक घर से निकल गया था। सोमवार दोपहर उसका शव कल्बना गांव स्थित मजार के पास मिला। प्रथम दृष्टया अत्यधिक शराब के सेवन से मौत होने की आशंका है, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना को लेकर गहरा शोक और चर्चा का माहौल है। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती दूरियां और शराब जैसी बुरी लत कितनी तेजी से परिवारों को तबाही की ओर धकेल रही हैं।

अन्य समाचार