सामना संवाददाता / मुंबई
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने भाजपा और आरएसएस पर हमला बोलते हुए कहा कि मोहन भागवत कहते हैं तीन बच्चे पैदा करो, लेकिन चंद्रपुर जिले की मतदाता सूची में एक पिता के ५६ बच्चे दिखाए गए। महाराष्ट्र में बीजेपी ने वोट चोरी करके १३२ विधायक जिताए हैं। नागपुर में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के नेतृत्व में वोट चोर, गद्दी छोड़ वैंâपेन के आंदोलन की शुरुआत की गई। इस मौके पर बोलते हुए वडेट्टीवार ने भी बीजेपी पर जोरदार हमला बोला।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के मतदाताओं को लूटने वालों को सबक सिखाने के लिए यह सभा आयोजित की गई है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने मराठा और ओबीसी समाज को जानबूझकर उलझाया है। वडेट्टीवार ने कहा कि लोकसभा में ४०० पार का नारा इसलिए दिया गया, क्योंकि ये लोग संविधान बदलना चाहते थे। उन्होंने कहा कि हमें आजादी संविधान के भरोसे पर मिली थी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले छह महीनों में मोदी सरकार नजर नहीं आएगी और संघर्ष को आगे बढ़ाना होगा।
कांग्रेस नेता केदार ने कहा कि हम पंचायत समिति और जिला परिषद जीतने वाले हैं। एक जरांगे (मराठा आंदोलन नेता) खड़े हुए तो मुंबई हिल गई, अगर आम आदमी सड़कों पर आ गया तो बीजेपी को कहीं जगह नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी के घमंडी अधिकारी और नागपुर के कलेक्टर जैसे लोग बीजेपी को सलाम ठोकते हैं। लेकिन हम पुलिस अधिकारी हों या कलेक्टर, सबको आपके दरवाजे पर सलाम ठोकने पर मजबूर करेंगे। सुनील केदार ने वादा किया कि जब तक वह इन्हें सलाम नहीं करवाएंगे, चैन से नहीं बैठेंगे।
