-सुसाइड नोट में लिखी आखिरी इच्छा-‘मेरी चिता बॉयफ्रेंड के गांव में जलाना, गले में मंगलसूत्र बांधना’
सामना संवाददाता / मुंबई
आठ साल पुराने प्रेम संबंध के टूटने और प्रेमी की शादी किसी दूसरी युवती से तय होने का सदमा एक २६ वर्षीय सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल बर्दाश्त नहीं कर सकी। आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले की रहने वाली कीर्ति ने मुंबई में अपने पीजी आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मिले सुसाइड नोट ने पूरे मामले को और भावुक बना दिया है। पुलिस के अनुसार, कीर्ति मूल रूप से गुंटूर की रहनेवाली थी और नौकरी के सिलसिले में मुंबई में रह रही थी। उसका प्रकाशम जिले के पोंडुरु गांव निवासी साई सुमंत के साथ पिछले आठ वर्षों से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि हाल ही में साई के परिवार ने उसकी शादी किसी अन्य युवती से तय कर दी, जिससे कीर्ति गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में चली गई।
जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें कीर्ति ने अपनी अंतिम इच्छा व्यक्त करते हुए लिखा कि उसका अंतिम संस्कार साई सुमंत के पैतृक गांव पोंडुरु में किया जाए तथा उसके गले में मंगलसूत्र बांधा जाए। उसने अपने टूटे रिश्ते और मानसिक पीड़ा का भी उल्लेख किया। मुंबई में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव लेकर पोंडुरु पहुंचे और साई सुमंत के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। परिवार का आरोप है कि रिश्ता तोड़ने और शादी तय होने से कीर्ति मानसिक रूप से टूट गई, जिससे उसने यह कदम उठाया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में कीर्ति का अंतिम संस्कार पोंडुरु में कराया गया। मुंबई पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
