मुख्यपृष्ठनए समाचारकॉकरोच-वॉकरोच सिर्फ नौटंकी...बावनकुले के बेतुके बयान पर भड़के युवा... महायुति सरकार पर...

कॉकरोच-वॉकरोच सिर्फ नौटंकी…बावनकुले के बेतुके बयान पर भड़के युवा… महायुति सरकार पर विपक्ष का हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के बीच महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले का बयान नए राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। बावनकुले ने आंदोलन को `कॉकरोच-वॉकरोच की नौटंकी’ बताते हुए युवाओं को लेकर विवादित बयान दिया। उनके इस बयान के बाद छात्र संगठनों और विपक्षी दलों ने भाजपा को निशाने पर लेना शुरू कर दिया है।
नीट पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर पहले से ही छात्रों और युवाओं के बीच नाराजगी का माहौल बना हुआ है। ऐसे समय में आंदोलन को ‘नौटंकी’ बताए जाने को लेकर विपक्ष का आरोप है कि भाजपा सरकार छात्रों की भावनाओं को समझने के बजाय उनके विरोध को हल्के में ले रही है।
विपक्षी नेताओं का कहना है कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दे पर आंदोलन कर रहे युवाओं का इस तरह उपहास उड़ाना उचित नहीं है। उनका दावा है कि इस बयान से सरकार के प्रति युवाओं का असंतोष और गहरा हो सकता है। बावनकुले ने अपने बयान में कहा था कि यह आंदोलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बदनाम करने के लिए रची गई नौटंकी है। कुछ युवा भावनाओं में बहकर इसमें शामिल हो रहे हैं। यदि परीक्षा व्यवस्था में सुधार के सुझाव हैं, तो उनका स्वागत है, लेकिन सीधे केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करना राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है।
छात्र विरोधी मानसिकता
उधर, विपक्ष ने इस बयान को भाजपा की छात्र विरोधी मानसिकता का उदाहरण बताते हुए सरकार पर हमला तेज कर दिया है। विपक्ष का कहना है कि सरकार को आंदोलन को बदनाम करने के बजाय पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। नीट पेपर लीक को लेकर देशभर में विरोध-प्रदर्शन जारी हैं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्ताफे की मांग लगातार उठाई जा रही है। इसी बीच बावनकुले के बयान ने पूरे विवाद को नया राजनीतिक मोड़ दे दिया है।

अन्य समाचार