अमिताभ श्रीवास्तव
विंबल्डन में उस वक्त हैरानी छा गई जब भरे दर्शकों के बीच टेनिस की दिग्गज खिलाड़ी की स्कर्ट उठवा कर उसके अंडरगारमेंट की जांच की गई। यह अजीबो-गरीब दृश्य देखकर खिलाड़ी सहित दर्शक तक हैरान रह गए। दरअसल, विंबल्डन में एक सख्त नियम लागू है कि यहां खेलने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को सफेद ड्रेस में ही खेलना होता है। अब तक महिलाओं को भी इस नियम का पालन करना होता था, मगर पिछले दो वर्ष से महिला खिलाड़ियों की मांग पर अंदर पहनने वाले वस्त्रों में सहूलियत दी गई, क्योंकि उनकी माहवारी का इशू था। हाल ही में स्टार खिलाड़ी जेलेना ओस्टापेंको उस समय हैरान नजर आर्इं जब अंपायर ने उनके कपड़ों की जांच की। २८ वर्षीय लातवियाई खिलाड़ी को कोर्ट १४ पर अपनी जोड़ीदार हसीह सु-वेई के साथ महिला युगल के दूसरे दौर का मैच खेलना था। २०२३ चैंपियनशिप से महिला खिलाड़ियों के लिए नियमों में ढील दी गई और उन्हें गहरे रंग के अंडरशॉर्ट्स पहनने की अनुमति दी गई। इस विवादास्पद नियम को खिलाड़ियों की इस चिंता के कारण बदला गया था कि उन्हें मासिक धर्म के दौरान पूरी तरह सफेद कपड़े पहनने होते हैं, जो गलत है। अपनी साथी खिलाड़ी के साथ कोर्ट में उतरने के बाद ओस्टापेंको से ब्रिटिश अंपायर जेमी क्रोसन ने बात की। पूर्व रोलैंड गैरोस चैंपियन ने अपनी पोशाक पर सवाल उठाए जाने पर झल्लाहट में अपने हाथ ऊपर उठा लिए। भ्रमित भाव से ओस्टापेंको ने अपनी स्कर्ट उठाकर अपनी हरी शॉर्ट्स दिखाई। हालांकि, वो नियमों का पालन ही कर रही थीं। मगर इस व्यवहार ने सबको हैरत में डाल दिया। इसके बावजूद ओस्टापेंको और हसीह ने मार्टा कोस्ट्युक और एलेना-गैब्रिएला रुसे का मुकाबला किया। अंपायर के साथ अपनी उलझन को पीछे छोड़कर ओस्टापेंको ने अपनी अनुभवी जोड़ीदार के साथ मिलकर ५-७, ६-२, ६-२ से जीत हासिल की।
अरे रुको मेरी बाली फंस गई!
महिला खिलाड़ियों के साथ वाकई बहुत मुश्किल होती है खेलने में। उन्हें कितनी सारी चीजों का ध्यान रखना होता है और इसके बावजूद कभी-कभी ऐसे क्षण भी देखने को मिलते हैं जब उन्हें अपनी ही किसी वस्तु से दिक्कत आ जाती है। अब देखिए न, विंबल्डन स्टार डारिया कसाटकिना को ल्यूडमिला सैमसोनोवा के साथ मुकाबले के दौरान एक अंक गंवाना पड़ा, क्योंकि उनकी कान की बाली उनकी टी शर्ट में फंस गई। १६वीं वरीयता प्राप्त इस खिलाड़ी का मुकाबला १९वीं वरीयता प्राप्त लियुडमिला सैमसोनोवा से था। फोरहैंड रिटर्न मारने के बाद कसाटकिना की बाली उसके एडिडास पोलो की टी शर्ट में फंस गई। सैमसोनोवा ने ज़ब जवाबी शॉट मारा तो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी समय पर अपना कान उस फंसी बाली से मुक्त नहीं कर पाई और उसे अंक गंवाना पड़ा। होता है ऐसा कभी-कभी। वैसे अमूमन महिला खिलाड़ी कानों में कुछ नहीं पहनती, पहनती भी हैं तो बहुत छोटी बाली पहनती है। किंतु सेरेना, वीनस जैसी खिलाड़ी भी थीं जो पैâशनेबल रही और अपने कानों में लंबी, झुमकेदार बालियां पहन कर खेली। किंतु ज्यादातर महिला खिलाड़ी ऐसा कोई रिस्क नहीं उठाती। मजे की बात तो ये भी है कि डरिया ने भी कोई लंबी या बड़ी बाली नहीं पहनी थी, मगर फिर भी उसकी शर्ट में वह फंस गई गई।
(लेखक वरिष्ठ खेल पत्रकार व टिप्पणीकार हैं।)
