द्रुप्ति झा / विरार
मुंबई-अमदाबाद हाइवे के शिरसाट फाटा से वङ्कोश्वरी-अंबाडी जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह गड्ढों में समा गई है। अनगिनत गड्ढों की वजह से वाहन चालकों को अत्यधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। वाहन चालकों का कहना है कि कमरतोड़ गड्ढों की वजह से २३ किमी की दूरी तय करने में तीन घंटे का समय लग जाता है। इस मार्ग के आस-पास बसे ग्रामीणों ने कई बार लोकनिर्माण विभाग को सड़कों के गड्ढे भरने को कहा है, लेकिन विभाग ग्रामीणों की शिकायतें नजरअंदाज कर रहा है, ऐसा आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।
बता दें कि शिरसाट फाटा से मांडवी, पारोल, वङ्कोश्वरी होते हुए अंबाडी व भिवंडी जाने वाले मार्ग पर वाहनों की काफी आवाजाही रहती है। गुजरात, पालघर, राजस्थान व अन्य जगहों से भिवंडी जाने वाले वाहन इसी मार्ग से चलते हैं, क्योंकि यह भिवंडी जाने के लिए काफी शॉर्ट-कट मार्ग है। इसके साथ ही ईश्वरीपुरी, वङ्कोश्वरी देवी व गणेशपुरी मंदिर जाने वाले श्रद्धालु इसी मार्ग से आते-जाते हैं। इस मार्ग पर वाहनों की काफी भीड़ रहती है। यह मार्ग कई गांवों से जुड़ा है। पिछले कई सालों से इस सड़क की मरम्मत नहीं हुई है, जिसके चलते यह सड़क गड्ढों में बदल गई है। कुछ जगहों पर इतने बड़े-बड़े गड्ढें हैं कि यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने सड़कों के गड्ढे भरने के लिए जनप्रतिनिधियों व लोकनिर्माण विभाग को कई पत्र लिखे, लेकिन प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा।
