-महिला से की थी ११ लाख की धोखाधड़ी
-पुलिस ने नई मुंबई से धरदबोचा
सुरेश गोलानी / मुंबई
तंत्र-मंत्र के नाम पर एक परिवार को ठगने के आरोप में काशीगांव पुलिस ने ४८ वर्षीय ढोंगी बाबा को गिरफ्तार किया है। ढोंगी बाबा की पहचान सुनील कुमार पटीदास उर्फ अयोध्या प्रसादगिरी महाराज के रूप में हुई है, जो खुद को तांत्रिक बताकर तंत्र-मंत्र की विद्या के बल पर लोगों की तकदीर बदलने का दावा करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी यूपी के झांसी के पास स्थित करनपुरा गांव का मूल निवासी है, जिसने कुछ महीनों पहले काशीगांव के जनता नगर की एक चाल में किराए से खोली ले रखी थी।
महिला को झांसा देकर लिए पैसे-गहने
पास में ही रहने वाली एक महिला को उसने अपने झांसे में लिया और उसके पति व भाई की नशे की लत छुड़वाने और घर से गुप्त धन निकलवा के देने हेतु जादू-टोना करवाने की सलाह दी, जिसकी पूजा विधि के लिए उसने पांच लाख रुपए की मांग की। बाबा ने यह भी दावा किया कि अगर उसने ये पूजा नहीं कारवाई तो उसका पति जिस पर भूत-प्रेत का साया है आठ दिनों के भीतर ही उसकी मौत हो जाएगी। इन बातों से घबराकर शिकायतकर्ता महिला पूजा-विधि के लिए तैयार हो गई और उसने बाबा को कर्ज लेकर २ लाख सत्तर हजार रुपए नगद और ८४ ग्राम सोने के गहने दे दिए।
पैसे लेकर हो गया रफूचक्कर
बाबा ने १४ मई की रात को अपने घर में पूजा विधि का आयोजन किया था। विधि के दौरान बाबा ने नकदी और गहने एक डिब्बे मे बंद किए और ४५ दिनों तक डिब्बे और उसके घर को न खोलने की हिदायत दी और अपने गुरु से मिलने का बहाना बनाकर रफूचक्कर हो गया। शिकायतकर्ता को शक होने पर उसने बाबा की खोली का दरवाजा खोला और देखा कि डिब्बे में से नकदी और गहने गायब थे।
४ दिन में पुलिस ने किया गिरफ्तार
महिला की शिकायत पर काशीगांव पुलिस ने बाबा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत १ जुलाई को मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए काशीगांव पुलिस स्टेशन से जुड़ी क्राइम डिटेक्शन यूनिट ने डीसीपी (जोन-१) प्रकाश गायकवाड के आदेश पर वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर महेश तोगड़वार के नेतृत्व में जांच शुरू कर दी और आरोपी बाबा को तकनीकी विश्लेषण व खबरी नेटवर्क के जरिए चार दिनों के भीतर ही नई मुंबई के तुर्भे इलाके से धरदबोचा। पुलिस ने बाबा के पास से ९४,००० नगद और १२ ग्राम सोने के गहने बरामद किए हैं।
बाबा निकला पेशेवर अपराधी
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि बाबा एक शातिर अपराधी है जिसने रूप बदलकर ठगी की ऐसी कई वारदातों को मुंबई, नई मुंबई, ठाणे और पालघर जिला के इलाकों मे अंजाम दिया था। फिलहाल बाबा पुलिस की हिरासत में है और आगे की जांच जारी है।
