भारतीय युवा टेस्ट टीम ने बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच को जीतकर इतिहास रच दिया। ५८ साल में पहली बार भारतीय टीम ने एजबेस्टन में कोई टेस्ट मैच जीता। जो काम पटौदी से लेकर धोनी-कोहली नहीं कर सके, उसे शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने कर दिखाया। एजबेस्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने इंग्लैंड को ३६६ रन से मात देकर पांच मैच की टेस्ट सीरीज में १-१ की बराबरी कर ली है। भारत ने इंग्लैंड को ६०८ रनों का विशाल लक्ष्य दिया था। भारतीय गेंदबाजों के आगे बैजबॉल फेल हो गया। आकाश दीप ने दूसरी पारी में घातक गेंदबाजी करते हुए ६ विकेट चटकाए। टेस्ट मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में ५८७ रन बोर्ड पर लगाए। कप्तान शुभमन गिल ने २६९ रन की लाजवाब पारी खेली। इसके बाद सिराज ने ६ विकेट लेकर इंग्लैंड की पहली पारी ४०७ रन पर ढेर कर दी और भारत को १८० रन की बढ़त मिली। दूसरी पारी भारत ने ६ विकेट पर ४२७ रन बनाकर घोषित कर दी। एक बार फिर कप्तान गिल का बल्ला चला और उन्होंने १६१ रन की पारी खेली। राहुल-पंत और जडेजा ने अर्धशतक बनाए। दूसरी पारी में इंग्लैंड के लिए जेमी स्मिथ ने अर्धशतक जड़ा। आकाश दीप ने ६ विकेट चटकाए।
