अनिल मिश्र/रांची
झारखंड प्रदेश के हजारीबाग जिले में मोहर्रम जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ है। जिसके कारण भयावह आग की चपेट में आने से लगभग 15 लोग जख्मी हुए हैं। बता दें कि दरअसल यह पूरी घटना हजारीबाग जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरांव-पौता गांव की है। जहां बताया जाता है कि मोहर्रम का जुलूस गांव के तरफ से गुजर रही थी। इसी दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग जुलूस में शामिल थे। परंपरा के अनुसार मुस्लिम समुदाय के लोग सड़कों पर जंजीरी मातम सहित गदका खेल और तलवारबाजी सहित कई तरह के खेल के साथ-साथ अपने कला का प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन कला का प्रदर्शन में आग्नेयास्त्र का प्रयोग किया जा रहा था और आग में डीजल डालने के दौरान आग ने विकराल रूप ले लिया और स्थिति अनियंत्रित हो गई। इस बड़ी दुर्घटना में लगभग 15 लोग चपेट में आ गए जिसमें अधिकतर बच्चे और महिलाएं शामिल हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला है। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग लाया। जहां चिकित्सकों के द्वारा इलाज करने के बाद गंभीर रूप से जख्मी हुए कुछ बच्चे एवं महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है। गौरतलब है कि मोहर्रम के मौके पर झारखंड प्रदेश में जिला प्रशासन द्वारा आग्नेयास्त्र और खतरनाक प्रदर्शन पर सख्त रोक लगाई गई थी, बावजूद इसके नियमों की अवहेलना कर यह घटना हुई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन के आदेशों की अनदेखी कर जोखिम भरा प्रदर्शन करने वालों पर क्या कार्रवाई होती है।
