प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय चीन दौरे पर हैं, जहां वह एससीओ समिट में हिस्सा लेने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री की इस चीनी यात्रा को लेकर विपक्षी पार्टियां पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी ने गलवान घाटी में शहीद हुए सैनिकों को भुला दिया और मुस्कुराते हुए चीन के राष्ट्रपति से हाथ मिला लिया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी सोशल मीडिया पर मोदी की तीखी आलोचना करते हुए एक पोस्ट शेयर की। कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर `एक्स’ पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि चीन ने गलवान घाटी में हमारे २० जांबाज सैनिकों की जान ले ली। उन्होंने कहा कि `ऑपरेशन सिंदूर’ के वक्त चीन खुलकर पाकिस्तान का साथ दे रहा था। इतना ही नहीं, वह पाकिस्तान को लाइव अपडेट भी दे रहा था। कांग्रेस ने इसके आगे लिखा कि चीन की इन नापाक हरकतों पर नरेंद्र मोदी ने सख्त कदम उठाया और मुस्कराते हुए चीन के राष्ट्रपति से हाथ मिलाया।
कांग्रेस नेता ने आगे लिखा कि सेना प्रमुख ने लद्दाख में चीन के साथ सीमा पर यथास्थिति की पूर्ण बहाली की मांग की थी, लेकिन इसे हासिल करने में विफल रहने के बावजूद मोदी सरकार ने चीन के साथ सुलह की दिशा में कदम बढ़ाए, जिससे चीन की उस क्षेत्र में आक्रामकता को अप्रत्यक्ष रूप से वैधता मिल गई। जयराम रमेश ने कहा कि ४ जुलाई को उप-सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल राहुल सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के साथ चीन की जुगलबंदी पर जोरदार और स्पष्ट रूप से बात की। मगर इस अशुभ गठजोड़ पर ठोस प्रतिक्रिया देने के बजाय, मोदी सरकार ने इसे नियति मानकर चुपचाप स्वीकार कर लिया और अब चीन को राजकीय दौरों से पुरस्कृत कर रही है।
` पीएम ने चीन को दी क्लीन चिट’
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि जून २०२० में गलवान घाटी में चीनी आक्रामकता के चलते हमारे २० सबसे बहादुर जवानों ने अपनी जान की कुर्बानी दी। इसके बावजूद, १९ जून २०२० को प्रधानमंत्री मोदी ने चीन को क्लीन चिट दे दी है।
