मुख्यपृष्ठनए समाचार`आपने देश के साथ गद्दारी की खाते में पैसे भेजो, वरना...'

`आपने देश के साथ गद्दारी की खाते में पैसे भेजो, वरना…’

-पहलगाम हमले के नाम पर शुरू हुआ नया फ्रॉड 

-यूपी की ७६ वर्षीय महिला ने गंवाए ४४ लाख रुपए

गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में अलग-अलग घटना के तहत ७६ वर्षीय अविवाहित महिला समेत ३ लोगों से धोखाधड़ी करके साइबर अपराधियों ने करीब ८४ लाख रुपए की ठगी कर ली। इस मामले में पीड़ितों ने साइबर अपराध थाने में रविवार रात को रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) प्रीति यादव ने बताया कि रविवार रात को ७६ साल की अविवाहित महिला सरला देवी ने साइबर अपराध थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। सरला ने बताया कि वह अपने घर में अकेले रहती हैं और १८ जुलाई को उनके पास एक फोन कॉल आई थी। सरला ने कहा कि फोन कॉल करने वाली ने खुद को एयरटेल का अधिकारी बताते हुए अपना नाम नेहा शर्मा बताया था। शिकायत के मुताबिक, सरला से कहा गया कि उनके फोन नंबर का इस्तेमाल ऑनलाइन जुआ खेलने और पहलगाम हमले के आतंकवादियों को पैसा मुहैया कराने सहित विभिन्न कामों में किया गया है। उनसे कहा गया कि अगर आप गिरफ्तारी से बचना चाहते हैं तो हमारे बताए हुए खाते में रकम भेज दें।
शिकायत के मुताबिक, पीड़िता से कहा गया कि उनके एयरटेल के नंबर का इस्तेमाल जुआ खेलने और ‘ब्लैकमेल’ करने जैसी गतिविधियों में किया गया है। इस दौरान पीड़िता से कहा गया कि उनकी बात मुंबई पुलिस की अपराध शाखा से कराई जा रही है। शिकायत में सरला ने कहा है कि इसी बीच एक व्यक्ति ने एसीपी के रूप में उनसे बात की और उसने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। उसने खुद को एसीपी संजय सिंह बताया तथा गिरफ्तारी वारंट के नाम पर उन्हें धमकाया। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने विभिन्न खातों में करीब ४३ लाख ७० हजार रुपए भेज दिए, लेकिन आरोपी उनसे १५ लाख रुपए की और मांग कर रहे हैं। महिला को जब शक हुआ तो उन्होंने एक वकील से बात की। डीसीपी ने बताया कि वकील ने महिला को बताया कि उनके साथ साइबर ठगी की गई है।

अन्य समाचार