सामना संवाददाता / मुंबई
पुणे महानगरपालिका चुनाव की प्रारूप प्रभाग रचना ने भाजपा और अजीत पवार गुट के रिश्तों में भूचाल ला दिया है। भाजपा पर दादा गुट के प्रभागों की तोड़फोड़ कर कमजोर करने का आरोप लगते ही उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने सीधे भाजपा नेताओं को लताड़ लगाई। नतीजतन, भाजपा का स्थानीय खेमा अब पूरी तरह सकते में आ गया है।
अजीत पवार गुट ने आरोप लगाया है कि भाजपा पदाधिकारी ने प्रशासन की मिलीभगत से पक्षपाती प्रभाग रचना तैयार की और अजीत पवार गुट के प्रभाव वाले कई प्रभाग तो़ड़ दिए गए। इस मामले की शिकायत मिलते ही अजीत पवार ने भाजपा नेताओं से संपर्क कर जमकर फटकारा और चेतावनी दी कि ये मनमानी बंद करो, वरना समीकरण बदल दूंगा।
भाजपा नेताओं की उड़ी नींद
अजीत पवार की इस सीधी फटकार ने भाजपा नेताओं की नींद उड़ा दी है। स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है कि क्या पवार अंतिम रचना से पहले राज्यस्तर से पूरी बाजी पलट देंगे?
चुनावी रणनीति पर पवार का संकेत
कार्यकर्ताओं का दबाव है कि स्वबल पर चुनाव लड़ा जाए, लेकिन पवार ने कहा है कि ‘स्वबल’ का नारा नहीं दिया है। गठबंधन पर चर्चा के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। लेकिन उन्होंने कार्यकर्ताओं को सख्त हिदायत दी है कि हर प्रभाग में तैयारी शुरू करो, चाहे स्थिति कैसी भी हो।
अजीत पवार ने दी स्पष्ट चेतावनी
इस मामले में अजीत पवार ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि भाजपा की चालबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ी तो समीकरण बदलकर प्रभाग रचना उलट देंगे। कार्यकर्ताओं को आदेश दिया है कि हर विवादित प्रभाग पर आपत्तियां दर्ज कराओ। पुणे की प्रभाग रचना को लेकर अजीत पवार और भाजपा का यह सीधा टकराव आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति में बड़ा धमाका करने के आसार है।
