उत्तर प्रदेश के निक्की हत्याकांड की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि अब मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले से एक और सनसनीखेज खबर ने लोगों को हिला दिया है। यहां नई-नवेली दुल्हन की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव उसके ही कमरे में फंदे से लटका मिला। परिवार और गांव के लोग इस घटना को सुनकर सन्न रह गए। मरने वाली युवती का नाम सुधा रघुवंशी (२४ साल) था। सुधा एक पढ़ी-लिखी लड़की थी और एलएलबी (कानून) की पढ़ाई कर रही थी। लड़की के मायके वालों का आरोप है कि सुधा और उसके पति को कभी भी अकेले में साथ सोने नहीं दिया गया। हर रात पति-पत्नी के बीच उसकी सास सोती थी। उसकी शादी इसी साल २९ अप्रैल को संजय रघुवंशी से हुई थी। यानी अभी सिर्फ चार महीने ही बीते थे कि उसकी जिंदगी पर अचानक दुखद अंत आ गया।
रविवार को यह दर्दनाक घटना सामने आई। सुधा की सास ने कमरे में जाकर देखा, तो वह स्तब्ध रह गईं। सुधा दुपट्टे से फंदा लगाकर लटकी हुई थी। आनन-फानन में परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। सुधा के नाना बुंदेल सिंह ने बताया कि उनकी नातिन की शादी के बाद से ही उसकी जिंदगी ठीक नहीं थी। उनका कहना है कि पति संजय नशे का आदी था, जिससे अक्सर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। सुधा को ससुराल वाले पढ़ाई जारी रखने से रोकते थे। शादी के कुछ ही दिनों बाद से वह लगातार मानसिक तनाव झेल रही थी। २५ दिन पहले ही मायके वालों ने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि सुधा और उसके पति को कभी भी अकेले में साथ सोने नहीं दिया गया। हर रात पति-पत्नी के बीच उसकी सास सोती थी। एक दिन पहले ही संजय ने सुधा पर १० हजार रुपए चोरी करने का आरोप लगाया था, जिससे विवाद और गहरा गया। इन सब कारणों से सुधा बेहद परेशान रहती थी और उसके मायके वालों का आरोप है कि इन्हीं हालात ने उसे मौत के रास्ते पर धकेल दिया।
