-हर दिन समय, पैसे और ईंधन की हो रही बर्बादी
-ट्रैफिक कंट्रोल करने में पुलिस के छूट रहे पसीने
धीरेंद्र उपाध्याय / मुंबई
ठाणे को मुंबई, मीरा-भायंदर, वसई-विरार, पालघर और सूरत से जोड़नेवाला घोड़बंदर रोड आज मुसीबत की राह बन चुका है। इस मार्ग पर स्थित गायमुख से फाउंटेन होटल तक की दूरी महज आठ मिनट की है, लेकिन खस्ताहाल सड़क और बेकाबू ट्रैफिक की वजह से लोगों के लिए सवा घंटे की नियति बन गई है।
आलम यह है कि हर दिन हजारों लोगों का समय, पैसा और ईंधन इस सड़क पर बने गड्ढों और लचर यातायात प्रबंधन की भेंट चढ़ रहे हैं। इस वजह से एक तरफ पुलिस पसीना बहा रही है, तो दूसरी तरफ आम लोग गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। कुल मिलाकर मार्ग अब लंबी देरी और रोजमर्रा की परेशानियों के लिए बदनाम हो गया है।
प्रशासनिक लापरवाही का सबूत
गायमुख-घोडबंदर रोड इस क्षेत्र के सबसे व्यस्त मार्ग है। इसके बावजूद गायमुख-फाउंटेन होटल मार्ग की दुर्दशा सिर्फ ट्रैफिक जाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रशासनिक लापरवाही का जीता जागता सबूत बन चुका है। रोज की परीक्षा, घंटों की देरी, गड्ढों से भरी सड़कें और भारी वाहनों का बेरोकटोक आवागमन अब जनता के सब्र का बांध तोड़ने लगा है।
नागरिकों को रोजाना झेलनी पड़ रही परेशानी
-घोडबंदर सड़क के गड्ढों ने शिंदे को नींद से जगाया
सबसे चौंकानेवाली बात यह है कि ठाणे में खुद उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रहते हैं। इसके बाद नींद से जागे शिंदे ने पिछले सप्ताह ठाणे के घोडबंदर सड़क पर गड्ढों के कारण बढ़ते ट्रैफिक जाम और हादसों की घटनाओं को देखते हुए औचक दौरा किया। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब गुणवत्ता के कारण नागरिकों को रोजाना परेशानी सहनी पड़ रही है।
लगभग एक साल पहले सार्वजनिक निर्माण विभाग की मरम्मत के बावजूद बरसात में सड़क की हालत फिर से दयनीय हो गई। नतीजतन इस क्षेत्र में कई लोगों की जानें जा चुकी हैं। यह मुद्दा एक बार फिर तब सामने आया जब सोशल मीडिया एक्स पर वरुण मेहुल ने गूगल मैप्स के स्क्रीनशॉट के साथ एक पोस्ट साझा की, जिसमें यातायात की भीड़ दिखाई गई थी और टिप्पणी की गई थी कि गायमुख से फाउंटेन होटल तक दैनिक यातायात, सड़क की बहुत खराब स्थिति, हर दिन समय, धन, ईंधन की बर्बादी है।
अधिकारियों ने किया स्वीकार
इस पोस्ट ने तुरंत अधिकारियों का ध्यान खींचा और ठाणे शहर पुलिस ने जवाब दिया कि आपकी जानकारी आवश्यक कार्रवाई के लिए ठाणे के यातायात नियंत्रण कक्ष को भेज दी गई है। साथ ही अधिकारियों ने इन चिंताओं को स्वीकार करते हुए कहा कि स्थिति से निपटने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। कुछ यही जवाब मीरा-भायंदर वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय और मुंबई पुलिस ने भी दिया।
ठाणे में भारी वाहनों पर प्रतिबंध
२२ अगस्त की रात को वंजारापट्टी नाका पर सड़क के गड्ढों से संबंधित दुर्घटना में भिवंडी के डॉक्टर नसीम अंसारी की मौत के बाद ठाणे यातायात विभाग ने शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए एक नया निर्देश लागू किया है। भिवंडी, गुजरात और मुंबई के बीच आवागमन करने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से मोड़ दिया गया है।
