मुख्यपृष्ठसमाचारपालघर में 32 लाख रुपए के अवैध गुटखा के साथ दो आरोपी...

पालघर में 32 लाख रुपए के अवैध गुटखा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

राधेश्याम सिंह / पालघर

पालघर पुलिस ने संयुक्त अभियान में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से गुटखा ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने कुल 32,96,500 रुपये मूल्य का अवैध तंबाकू उत्पाद और टेंपो ज़ब्त किया। यह कार्रवाई स्थानीय अपराध शाखा और तलासरी पुलिस थाने की संयुक्त टीम ने अंजाम दी है। गणेश उत्सव को देखते हुए जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा विशेष निगरानी और कार्रवाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 3 सितंबर 2025 को स्थानीय अपराध शाखा, पालघर को गुप्त सूचना मिली कि लाल रंग के आयशर टेंपो (एमएच 10-डीटी-6633) में गुटखे ले जा रही है।

सूचना के आधार पर तलासरी के इभाडपाडा स्थित सूत्रकार ओवरब्रिज के पास मुंबई-अमदाबाद महामार्ग पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। उसी दौरान संदिग्ध टेंपो आता हुआ दिखाई दिया। चालक को रोका गया और पूछताछ में दो व्यक्तियों ने अपनी पहचान बताई, बालु किसन गंगावणे, उम्र 50 वर्ष, निवासी–कुपवाड, मिरज, जिला सांगली और राजू संजय कांबले, उम्र 27 वर्ष, निवासी – संभाजीनगर, मिरज, जिला सांगली, चालक ने बताया कि टेंपो में कोल्हापुर स्थित दो खाद्य कंपनियों का माल है, लेकिन उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने टेंपो की तलाशी ली। जांच में सामने आया कि वाहन में महाराष्ट्र में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू (गुटखा) भरा हुआ था, जिसकी कुल कीमत 20,96,550 रुपए आंकी गई। इसके अलावा टेंपो सहित कुल 32.96 लाख रुपए मूल्य का सामान जब्त किया गया। इस मामले में तलासरी पुलिस थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराएं 123, 223, 274, 275 और खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स रेगुलेशन 2011 के नियमों का भी उल्लंघन पाया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच तलासरी पुलिस थाने के पुलिस उपनिरीक्षक अमोल चिथे द्वारा की जा रही है।

अन्य समाचार

आहट