मुख्यपृष्ठसमाचारजालसाजों के झांसे में फंसकर दो युवकों ने 50 हजार रुपये गंवाए

जालसाजों के झांसे में फंसकर दो युवकों ने 50 हजार रुपये गंवाए

राजेश सरकार / प्रयागराज

घूरपुर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक नया और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जालसाजों ने जमीन किराए पर लेने का झांसा देकर दो युवकों के बैंक खातों से कुल 50 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ितों ने मामले की शिकायत घूरपुर थाने में दर्ज कराई है। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930, एचडीएफसी बैंक तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर भी सूचना दी है।
पचखरा गांव निवासी कुलदीप कुमार द्विवेदी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 6 जून 2026 को दोपहर बाद करीब ढाई बजे एक व्यक्ति लाल रंग की बुलेट क्लासिक मोटरसाइकिल से गांव पहुंचा। उसने सीमेंट ईंट निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए जमीन किराए पर लेने की बात कही और 25 हजार रुपये प्रतिमाह किराया देने का प्रस्ताव रखा।
आरोपी के झांसे में आकर कुलदीप ने उसके कहने पर 11 जून को एचडीएफसी बैंक की जसरा शाखा में सेविंग्स मैक्स खाता खुलवाया। आरोप है कि खाता खुलने के बाद जालसाज उनके घर पहुंचा और खाते की जांच करने का बहाना बनाकर बातचीत में उलझाते हुए धोखे से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया तथा पिन की जानकारी भी हासिल कर ली।
इसके बाद आरोपी ने आधार कार्ड की फोटोकॉपी लेने के बहाने कुलदीप को नैनी थाना क्षेत्र स्थित बेथनी कॉन्वेंट स्कूल, जेल रोड के पास बुलाया। कुलदीप का दावा है कि रिया केमिस्ट की दुकान पर आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा कराते समय आरोपी वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।
पीड़ित के अनुसार, 12 जून की सुबह सिविल लाइंस स्थित एसपी मार्ग के एक एटीएम से उनके खाते से दो बार में 25 हजार रुपये निकाल लिए गए। पहली बार 20 हजार रुपये और दूसरी बार 5 हजार रुपये की निकासी की गई। मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का संदेश आने के बाद उन्हें ठगी की जानकारी हुई।
इसी तरह मनकवार निवासी सुभाष कुमार के साथ भी 25 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई है। दोनों पीड़ितों का आरोप है कि एक ही गिरोह क्षेत्र में सक्रिय है, जो जमीन किराए पर लेने का झांसा देकर लोगों को निशाना बना रहा है।
दोनों पीड़ितों ने घूरपुर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

अन्य समाचार

आहट