मुख्यपृष्ठसमाचारदोस्त की बीवी से नजदीकी ने लिखी भाजपा नेता के हत्या की...

दोस्त की बीवी से नजदीकी ने लिखी भाजपा नेता के हत्या की स्क्रिप्ट

राजेश सरकार / प्रयागराज

जर, जोरू और जमीन से जुड़े विवाद हमेशा अपराध का कारण बनते हैं। भाजपा नेता रणधीर यादव की हत्या मामले में भी दोस्त की बीवी से नजदीकी ने उसकी मौत की स्क्रिप्ट लिखी। पुलिस ने इस मामले में अभी तक तफ्तीश के जरिए भाजपा नेता के खास रामसिंह व मुख्य आरोपी उदय यादव की सास लीलादेवी, भाई विजय यादव एवं एक अन्य रवि भारतीय को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हत्याकांड को हुए करीब 12 दिन बीत चुके हैं। बावजूद इसके नवाबगंज थाना पुलिस की तीन टीम वारदात के मुख्य आरोपी उदय यादव का सुराग नहीं लगा सकी है। पुलिस अफसरों के मुताबिक भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य रणधीर यादव की हत्या में मुख्य भूमिका उसके खास दोस्त उदय यादव की रही।

उदय यादव का मोबाइल चित्रकूट मे जहां रणधीर यादव की कार लावारिस हालत मे मिली थी, वहीं से बंद बता रहा है। सर्विलांस जांच मे मुख्य आरोपी उदय यादव की लास्ट लोकेशन कानपुर में मिली थी। जिसके आधार पर आरोपी के घर व संभावित रिश्तेदारों के घरों पर छापा मारा जा रहा है। जल्द ही मुख्य आरोपी पुलिस के शिकंजे मे होगा।नवाबगंज के तुलसीराम का पूरा में उदय यादव का पुस्तैनी मकान है। मकान में मौजूदा समय में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जब से भाजपा नेता रणधीर यादव लापता हुआ था तभी से पूरा परिवार व नाते-रिश्तेदार घरों मे ताला लगा कर फरार है। बता दें कि २२ अगस्त की रात करीब साढ़े नौ बजे नवाबगंज के मोहम्मदपुर निवासी भाजपा नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य रणधीर यादव रहस्यमय हालत में लापता हो गए। परिवार ने उन्हें खोजने की बहुत कोशिश की लेकिन कोई पता नहीं चला।

परिवार ने 23 अगस्त की सुबह रणधीर की गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने पहले रणधीर की कार चित्रकूट के जंगल से बरामद की। फिर घटना का खुलासा करते हुए पीडब्ल्यूडी कर्मी राम सिंह और लीला देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हत्यारोपियों ने वेल प्लान से भाजपा नेता की हत्या कर लाश रेलवे ट्रैक पर डालकर पहचान मिटाने की कोशिश की।

इस हत्याकांड में राम सिंह ने मुख्य आरोपी उदय यादव का नाम उजागर करते हुए कहा कि
उदय की पत्नी से अवैध संबंधों के बारे में पता चला और भाजपा नेता के मोबाइल पर उदय की पत्नी के न्यूड क्लिप देखने पर उसे बेरहमी से मौत के घाट उतारने की स्क्रिप्ट तैयार कर ली गई थी। अलबत्ता मृतक भाजपा नेता रणधीर यादव की पत्नी और जिला पंचायत सदस्य का कहना है कि उसके पति को राजनैतिक प्रतिद्वंदियों ने षड्यंत्र रच कर मारा है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से सख्त रुख नहीं अपनाया जिसकी वजह से ये सभी असल खुलासा नहीं कर रहे हैं। पत्नी का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों की इतनी औकात नहीं है कि वे रणधीर यादव को मार सके। मृतक भाजपा नेता की पत्नी व जिला पंचायत सदस्य बबली यादव ने डीएम को ज्ञापन देकर अपनी सुरक्षा की मांग की। बबली के मुताबिक हत्यारोपी उदय यादव लगातार बदले की आग में जल रहा है। पति को मौत के घाट उतारने के बाद वह अब और भी शातिर कातिल बन गया है। वह उन्हें भी किसी न किसी दिन मारने की कोशिश जरूर करेगा ।

अन्य समाचार

आहट