मुख्यपृष्ठनए समाचारसुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर द्वारा एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को "गुंडा" कहे जाने...

सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर द्वारा एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को “गुंडा” कहे जाने के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन

उमेश गुप्ता / वाराणसी

उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर द्वारा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को “गुंडा” कहे जाने के खिलाफ गुरुवार को वाराणसी में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता लगातार “राजभर मुर्दाबाद”, “ABVP ज़िंदाबाद” और “शिक्षा के दलालों को, जूता मारो सालों को” जैसे नारे लगाते रहे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि मंत्री का यह बयान न केवल छात्रहितों के खिलाफ है, बल्कि देश के सबसे बड़े छात्र संगठन की छवि को धूमिल करने वाला भी है।

एबीवीपी वाराणसी महानगर के सहमंत्री ओम आकाश मौर्य ने कहा कि हाल ही में लखनऊ के एक निजी विश्वविद्यालय में एलएलबी और एलएलएम की मान्यता को लेकर परिषद के कार्यकर्ताओं ने आंदोलन किया था। उस दौरान प्रशासन और पुलिस ने परिषद कार्यकर्ताओं पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया। दुख की बात यह रही कि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने न केवल उस लाठीचार्ज का समर्थन किया, बल्कि परिषद के कार्यकर्ताओं को “गुंडा” तक कह डाला।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा शिक्षा और छात्रहित के मुद्दों पर सकारात्मक आंदोलन करती आई है। ऐसे में मंत्री का यह बयान पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण और अस्वीकार्य है।

प्रदर्शन के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने वाराणसी जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की गई कि ओमप्रकाश राजभर को मंत्रिमंडल से तुरंत बर्खास्त किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

अन्य समाचार

आहट