सोम मिश्रा”शिवम”
आगामी १२ सितंबर को रिलीज हो रही पैन-इंडिया स्पेक्टेकल फिल्म “मिराई” के अभिनेता तेजा सज्जा ने आज मुंबई में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा—“जब वही प्रेम कहानी बार-बार बनाई जाती है तो कोई सवाल नहीं करता, लेकिन जैसे ही हम अपने धर्म से प्रेरित कहानी दर्शाने की कोशिश करते हैं, लोग शक जताने लगते हैं। हमें गर्व होना चाहिए—यह हमारी धरती है, यही हमारे संस्कार हैं। ट्रेलर के ३ मिनट १० सेकंड में केवल १० सेकंड भगवान राम की एक झलक दिखाई गई, और उसी पर धर्म का सवाल उठ रहा है। यह फ़िल्म सिर्फ़ उसी के बारे में नहीं है—यह फैंटेसी, एक्शन, एडवेंचर, सुपरहीरो स्टोरीटेलिंग और गहरी भावनाओं का संगम है। हम इन सबको भारतीय इतिहास की नज़र से एक नए और आकर्षक तरीके से पेश कर रहे हैं, ताकि नई पीढ़ी इससे जुड़ सके और इसे आत्मसात कर सके।”
भारतीय इतिहास को विस्फोटक एक्शन के साथ मिलाते हुए, “मिराई” एक ऐसा सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। मनोज मंजू, जगपति बाबू, जयराम, श्रिया सरन और रितिका नायक जैसे शानदार कलाकारों से सुसज्जित यह फ़िल्म, गौरा हरी के बिजली जैसे संगीत और तकनीकी सीमाओं को लांघते विजुअल्स के कारण और भी दमदार बनती है। अभिनेता तेजा सज्जा के करिश्माई स्क्रीन प्रेज़ेन्स, कार्तिक घट्टमनेनी की विज़नरी स्टोरीटेलिंग और धर्मा प्रोडक्शंस के उत्तर भारतीय बाज़ार में मज़बूत सहयोग से सशक्त, मिराई अगले सप्ताह १२ सितंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दहाड़ मचाने आ रही है, भारतीय सिनेमा के पैमाने और परिभाषा को एक नई ऊँचाई देने के लिए यह फिल्म पूरी तरह तैयार है। जहां दर्शक एक बेहतरीन सिनेमा का आनंद उठाते नजर आएंगे।क्योंकि यह फिल्म भारतीय इतिहास के उल्लेख के साथ साथ सिने प्रेमियों को एक बेहतरीन गीत संगीत की दुनियां का भी एहसास कराएगी वो भी हमारी सनातनी परंपराओं के समावेश के साथ। समय के अनुसार बॉलीवुड के बदलते परिवेश से निर्माता एवं फिल्मकार करण जौहर भी अपनी इस फिल्म के प्रदर्शन को लेकर बेहद उत्साहित दिखे। अब देखना होगा दर्शक इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर कितना स्वीकार करते हैं।
