-सोलापुर में अवैध खनन को रोकने गई थीं अंजलि कृष्णा
-राजनीतिक हलकों में हुई उप मुख्यमंत्री की आलोचना
सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार भी अजीब हैं। उन्होंने वीडियो कॉल करके एक महिला अधिकारी को हड़का दिया। दादा की इस आपत्तिजनक हरकत का वीडियो भी वायरल हो गया है। प्रशासनिक अधिकारियों पर पकड़ रखने वाले नेता के रूप में अजीत पवार प्रसिद्ध हैं। मगर उनकी इस करतूत की राजनीतिक हलकों में खूब आलोचना हो रही है।
बता दें दि बुधवार को अजीत पवार का एक कॉल रिकॉर्डिंग वायरल हुआ है, जिसमें सोलापुर की पुलिस उपाधीक्षक अंजलि कृष्णा को दादा ने फोन पर धमकाया। उस वक्त अंजलि वहां अवैध खनन पर रोक लगाने की कार्रवाई के लिए पहुंची थीं। दादा पर आरोप है कि उन्होंने न सिर्फ अंजलि को धमकाया, बल्कि एक लाडली बहन के साथ अपशब्दों का इस्तेमाल किया।
पहले मोबाइल पर किया था अजीत पवार ने फोन
दादा ने पहले अंजलि को मोबाइल पर सामान्य कॉल किया था। जब अंजलि को समझ में नहीं आया कि कौन फोन कर रहा है तो दादा ने वीडियो कॉल लगा दिया। फोन पर उप मुख्यमंत्री को देखकर अंजलि वहीं बांध पर बैठ गईं।
‘यह मेरा आदेश है सभी आरोपियों को छोड़ दो!’
अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रहे हैं उप मुख्यमंत्री
राज्य के उप मुख्यमंत्री अजीत दादा पवार की एक अमानवीय हरकत वायरल हो रही है। दादा ने फोन पर एक महिला पुलिस अधिकारी को अपशब्द कहे। इसका वीडियो वायरल हो गया है। सोलापुर के कुर्डू गांव में कार्रवाई के लिए पुलिस अधिकारी अंजलि कृष्णा पहुंची थीं, तभी यह पूरा मामला हुआ। अजीत पवार पर अवैध कामों को बढ़ावा देने तथा महिला अधिकारी का अपमान करने का आरोप किसान संगठन ने लगाया है। माढा तालुका के कुर्डू गांव में अवैध रेत-पत्थर की गाड़ियां चलाई जाती हैं। जब अवैध रेत निकासी चल रही थी, उप अधीक्षक ने कार्रवाई की, लेकिन उसी समय उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने दादागीरी दिखाते हुए वहां के डीवाईएसपी को फोन किया और यह कहते हुए आरोपियों को छोड़ने को कहा कि ‘यह मेरा आदेश है’।
राजनीतिक हलकों में इसकी खूब आलोचना हो रही है। एक तरफ दादा कहते हैं कि वे अपनी बहनों के लाडके भाई हैं, और दूसरी ओर एक महिला अधिकारी के साथ दबाव बनाते हैं। दादा की फोन पर हुई बातचीत का वीडियो वायरल होने के बाद किसान संगठन आक्रामक हो गया है।
राजस्व अधिकारियों के साथ मारपीट
दादा के फोन करने के बाद वहां के कुछ गुंडों ने संबंधित अधिकारी को वहां से भगा दिया और गांव के दो राजस्व अधिकारी से मारपीट भी की। किसान संगठन का कहना है कि गलत काम के लिए उप मुख्यमंत्री अजीत पवार दबाव डालते हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती इसलिए राज्य के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार को तुरंत महिला अधिकारी से माफी मांगनी चाहिए और इस्तीफा देना चाहिए। जिस तरह अजीत पवार ने महिला अधिकारी से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उसके बाद अधिकारियों को धमकाने की कोशिश की, उसकी जांच कर दोषियों पर तुरंत कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ऐसी मांग जनशक्ति किसान संगठन के संस्थापक अध्यक्ष अतुल खूबसे ने की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अगले ८ दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो हजारों किसानों के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय पर मोर्चा निकाला जाएगा।
