मुख्यपृष्ठसमाचार55 वर्षीय व्यक्ति को टैंकर ने कुचला, मौके पर हुईं मौत

55 वर्षीय व्यक्ति को टैंकर ने कुचला, मौके पर हुईं मौत

वसई विरार में सड़क पर खड्डे होने की वजह से हो रही है दुर्घटनाएं

राधेश्याम सिंह

विरार। विरार पूर्व में नवरात्रि की शुरुआत के पहले ही दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार सुबह के समय देवी की मूर्ति लाने के लिए जा रहे प्रताप नाइक (उम्र 55) को टैंकर ने कुचलकर दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा आरटीओ कार्यालय के पास, चंदनसार रोड पर हुआ, जो इन दिनों भारी गड्ढों और बदहाल हालत के लिए बदनाम है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रताप नाइक जैसे ही आरटीओ कार्यालय के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे टैंकर ने उन्हें रौंद डाला। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक टैंकर समेत फरार हो गया। प्रताप की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही विरार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर उतरकर विरोध किया। नागरिकों का आरोप है कि गड्ढों से भरी सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, और यह हादसा भी इसी लापरवाही का नतीजा है। नागरिकों ने प्रशासन और मनपा के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को आश्वासन दिया कि फरार टैंकर चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और घटना की पूरी जांच की जाएगी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़कों पर बने गहरे और खतरनाक गड्ढे इस दुर्घटना की मुख्य वजह हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, प्रताप नाइक गड्ढों से बचने की कोशिश कर रहे थे, तभी पीछे से आए टैंकर ने उन्हें कुचल दिया। हालांकि, अधिकारिक तौर पर अभी तक गड्ढों को हादसे की वजह नहीं माना गया है, लेकिन इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि विरार समेत पूरे क्षेत्र की सड़कों की हालत बेहद खराब है।फिलहाल, विरार पुलिस स्टेशन की टीम इस मामले की गहन छानबीन कर रही है और फरार टैंकर चालक की तलाश कर रही है।

अन्य समाचार