सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
माध्यमिक शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शहर के पीएम श्री राजकीय इंटर कालेज में माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के मध्य जनपदस्तरीय समृद्धि २०२५, कला समेकित शिक्षण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के विभिन्न कालेजों के शिक्षकों का कला तथा संगीत आधारित विषय शिक्षण कौशल का मूल्यांकन किया गया।
इस प्रतियोगिता में पीएम श्री केशकुमारी राजकीय बालिका इंटर कालेज से भौतिकी के प्रवक्ता शैलेंद्र चतुर्वेदी, संगीत की सहायक अध्यापिका डा. बबिता जैन, हिंदी प्रवक्ता डा. दीपा द्विवेदी, राजकीय हाईस्कूल शाहपुर नानेमऊ की सहायक अध्यापिका मंजू सोनी व राजकीय हाईस्कूल कानपुर सिकवा की शिक्षिका संगीता के अतिरिक्त अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय श्रीचंद इंटर कालेज,गोसाईगंज के पवन कुमार व श्रीहनुमत इंटर कॉलेज सूरापुर के राम बहाल ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में गनपतसहाय पीजी कालेज के असिस्टेंट प्रोफेसर विशाल विश्वकर्मा, प्रीति वर्मा व पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल स्कूल, बुआपुर के प्रधानाचार्य आनंद मौर्य निर्णायक की भूमिका में रहे। कार्यक्रम के नोडल राजकीय इंटर कॉलेज के भौतिक विज्ञान प्रवक्ता गायत्री प्रसाद तिवारी तथा सह नोडल राजकीय हाईस्कूल, महमूदपुर जंगल की शिक्षिका अपूर्वा जायसवाल रहीं।
समृद्धि २०२५ कला समेकित शिक्षण प्रतियोगिता में पीएम श्री केशकुमारी राजकीय बालिका इंटर कालेज के शैलेंद्र चतुर्वेदी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में डा.बबिता जैन व डा.दीपा द्विवेदी क्रमशः दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्तम प्रयास के लिए बधाई दी तथा शैलेंद्र चतुर्वेदी को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर जीआईसी के प्रभारी प्रधानाचार्य राय साहब यादव तथा भौतिक प्रवक्ता डॉक्टर पंकज सिंह उपस्थित रहे।
