मुख्यपृष्ठनए समाचारहाई कोर्ट की फटकार के बाद भी नहीं सुधरी मनपा ...अब तक...

हाई कोर्ट की फटकार के बाद भी नहीं सुधरी मनपा …अब तक मिली गड्ढों की २७,३३४ शिकायतें

नवरात्रि में भी सड़कों को नहीं किया दुरुस्त
द्रुप्ति झा / मुंबई
मनपा ने मुंबई जैसे सुंदर शहर को जर्जर और गढ्ढों से भरी सड़कों की वजह से खराब कर दिया है। मनपा अधिकारियों के अनुसार, सड़कों पर करोड़ों रुपए खर्च किए जाते हैं, लेकिन हकीकत तो ये है कि मनपा अधिकारी अपनी जेब भरने के लिए सड़कों पर घटिया क्वॉलिटी का काम करते हैं और ये बयां करती है सड़क की हालत, जो कि विकास के नाम पर आज रो रही है। २०२५ में अब तक मनपा को गड्ढों की २७,३३४ शिकायतें मिली हैं और उनमें से केवल ६८८ की मरम्मत होनी बाकी है। सोमवार से नवरात्रि शुरू हो चुकी है और ऐसे में माता के भक्तों को माता की मूर्ति को घरों और पंडालों तक ले जाने के लिए सड़क के गड्ढों का सामना करना पड़ा और मां की मूर्ति को उसी गड्ढे से लेकर जाना पड़ा, ऐसे में भक्त मां की मूर्ति टूटने के डर से संभालकर ले जाते हुए नजर आए।
नवरात्रि के अवसर पर जगह-जगह गरबा खेलने का आयोजन किया गया है, लेकिन गड्ढों की वजह से गरबा खेलने वाले भक्तों का भी मजा किरकिरा हो जाएगा। शहर के तमाम छोटे-बड़े पूजा पंडालों तक पहुंचने वाले रास्ते जर्जर हैं। मनपा ने पूजा से पहले सड़कों की मरम्मत की बात कही थी। गणेशोत्सव में भी भक्तों को सड़क के गढ्ढों की वजह से परेशानी हुई थी, जबकि गणेशोत्सव आने से पहले ही मनपा ने शहर की सभी गड्ढे वाली सड़कों को ठीक करने की बात कही थी, लेकिन इस काम में अभी तक मनपा फेल ही नजर आ रही है। हाल ही में मुंबई हाई कोर्ट ने मनपा और अन्य नागरिक निकायों को शहर की सड़कों पर गड्ढों की लगातार समस्या का समाधान करने में विफल रहने के लिए कड़ी फटकार लगाई थी। उसके बाद भी मनपा द्वारा खराब सड़कों को दुरुस्त करने को लेकर कोई ठोस कदम उठाते हुए नहीं देखा जा रहा है।

अन्य समाचार

पिता