टीम इंडिया के ओपनर केएल राहुल के लिए दिल्ली टेस्ट मैच खास नहीं रहा। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में जबरदस्त शतक जमाने के बाद, दूसरे टेस्ट की पहली पारी में वह बड़ी पारी नहीं बना पाए। तीन दिन तक उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, लेकिन जब दूसरी पारी में बैटिंग करने आए तो उन्हें चोट लग गई। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में चौथे दिन वेस्टइंडीज ने फॉलोऑन के बाद जबरदस्त वापसी की और भारत को जीत के लिए १२१ रन का लक्ष्य दिया। टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही और यशस्वी जायसवाल जल्दी आउट हो गए। केएल राहुल दूसरी पारी में बल्लेबाजी कर रहे थे, तभी तेज गेंदबाज जेडन सील्स की गेंद बल्ले से लगकर उनकी ग्रोइन (कमर के पास) में लगी। हालांकि, राहुल ने ग्रोइन गार्ड पहना था, लेकिन चोट लगने के कारण वह दर्द से तड़पने लगे और कुछ देर के लिए मैदान से बाहर जाना पड़ा। बाद में फिजियो थैरेपी के बाद राहुल वापस आए और उन्होंने टीम के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया।
