सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना से गद्दारी करने वाले ६ सांसदों के क्षेत्र में आज से शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे का जंगी दौरा शुरू होने जा रहा है। तीन दिवसीय इस दौरे के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में विराट जनसभाएं और जोरदार संबोधन कर उद्धव ठाकरे जनता से संवाद साधेंगे। साथ ही घातियों पर उद्धव ठाकरे का हंटर चलेगा। इस दौरान वे गद्दार गैंग और केंद्र की भाजपा व राज्य की महायति सरकार पर क्या बोलेंगे इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
इस तीन दिवसीय दौरे में उद्धव ठाकरे यवतमाल, वाशिम, हिंगोली, परभणी, धाराशिव और शिर्डी में मतदाताओं से संवाद साधेंगे। दौरे को लेकर जोरदार तैयारी की गई है। शिवसेना से गद्दारी कर अलग हुए सांसदों के चुनाव क्षेत्रों में भी विराट जनसभाएं कर उनकी खबर ली जाएगी। गद्दारों का हिसाब चुकता किया जाएगा, नतीजन शिवसैनिकों में भी इस दौरे को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि केंद्र और राज्य के सत्ताधारी दलों के संरक्षण में देशभर में दल-बदल की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है। भाजपा और उसके सहयोगी दलों द्वारा विपक्षी दलों के सांसदों और विधायकों को तोड़ने का काम किया जा रहा है। शिवसेना के मशाल चुनाव चिन्ह पर चुने गए छह सांसदों ने कथित तौर पर अपने राजनीतिक फायदे के लिए पार्टी और मतदाताओं के साथ विश्वास घात किया है। इन सांसदों के खिलाफ राज्यभर में नाराजगी का माहौल है। जिन मतदाताओं ने दो वर्ष पहले भाजपा के विरोध में मतदान किया था, वे अब अपने जनप्रतिनिधियों के निर्णय से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। उद्धव ठाकरे इस दौरे के दौरान मतदाताओं और शिवसैनिकों की भावनाओं को जानने का प्रयास करेंगे।
हाल ही में उद्धव ठाकरे ने मुंबई में गद्दार सांसद संजय दीना पाटील के संसदीय क्षेत्र का दौरा किया था। उस दौरान बड़ी संख्या में शिवसैनिक और समर्थक यहां जमा हुए थे। इस दौरान जनता में दल-बदल को लेकर खासी नाराजगी साफ दिखाई दी। इसी तरह का माहौल अन्य क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा है।
ऐसा रहेगा दौरे का कार्यक्रम
२७ जून : -सुबह १०:३० बजे, कृषि उपज मंडी समिति, धामणगांव रोड, यवतमाल – दोपहर २:०० बजे, जैन भवन, अकोला नाका, वाशिम- शाम ४:०० बजे, महावीर भवन, रामलीला मैदान के निकट, हिंगोली
२८ जून : सुबह ११:०० बजे,अक्षदा मंगल कार्यालय, एम.के.वी. रोड, परभणी- दोपहर ३:३० बजे, सिद्धाई मंगल कार्यालय, धाराशिव
२९ जून : – सुबह ११:०० बजे, सिद्ध संकल्प लॉन्स, नगर-मनमाड मार्ग, शिर्डी
उद्धव ठाकरे व फडणवीस ने एक ही विमान में किया सफर
राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को एक ही विमान में सफर किया। उद्धव ठाकरे पार्टी के नेताओं के साथ मुंबई से नागपुर जा रहे थे। इस विमान में देवेंद्र फडणवीस भी नागपुर के लिए सवार थे। इस दौरान देवेंद्र फडणवीस और उद्धव ठाकरे के बीच बातचीत हुई। इस प्लेन में शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे, संजय राऊत, विनायक राऊत और सचिव अनिल देसाई भी मौजूद थे। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस दौरान देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे से कहा कि यह बड़ी खबर है कि हम मिले हैं।
