मुख्यपृष्ठनए समाचारसावधान!..अमेजन वेयरहाउस बेच रहा एक्सपायर्ड खाना!

सावधान!..अमेजन वेयरहाउस बेच रहा एक्सपायर्ड खाना!

-नकली सर्टिफिकेट रैकेट का हुआ खुलासा

-फूड डिपार्टमेंट की लापरवाही उजागर

सामना संवाददाता / मुंबई

ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में स्थित ई-कॉमर्स के दिग्गज अमेजन रिटेल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के एक बड़े वेयरहाउस पर पुलिस और संबंधित विभागों ने छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान एक बेहद गंभीर और चौंकानेवाला मामला सामने आया है, जहां ग्राहकों की सेहत के साथ खिलवाड़ करते हुए एक्सपायर हो चुके और खराब खाद्य पदार्थों को बाजार में बेचने की साजिश रची जा रही थी। इस मामले में कोणगांव पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता और खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, भिवंडी के कोणगांव पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित अमेजन के इस वेयरहाउस में भारी मात्रा में ऐसा खाद्य पदार्थ रखा हुआ था, जो पूरी तरह खराब और एक्सपायर हो चुका था। नियमों के मुताबिक, ऐसे सामानों को तुरंत सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया जाना चाहिए था। लेकिन कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने के बजाय इन सामानों को दोबारा पैक करके या नई तारीखें डालकर ग्राहकों को गुमराह करने और खुले बाजार में बिक्री के लिए भेजने की तैयारी थी।
जानकारी के अनुसार, इस पूरे घोटाले में सिर्फ खराब खाना बेचने का ही नहीं, बल्कि जालसाजी का भी बड़ा आरोप लगा है। जांच में सामने आया है कि इस सर्टिफिकेट में यह झूठा दावा किया गया था कि वेयरहाउस में रखे सभी एक्सपायर्ड और खराब हो चुके खाद्य पदार्थों को पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया है, जबकि असलियत में वह माल बाजार में खपाने के लिए छिपाकर रखा गया था।
प्रशासन की कार्रवाई
सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने वेयरहाउस पर छापा मारा और पूरे सच का पर्दाफाश किया। कोणगांव पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ नए कानून भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी, जालसाजी, इंसानी जिंदगी को खतरे में डालनेवाली धाराओं और खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के कड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब आगे की जांच जारी है।
पुलिस अब इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि यह खेल कितने समय से चल रहा था और अब तक ऐसा कितना एक्सपायर्ड सामान ग्राहकों तक पहुंचाया जा चुका है। इस रैकेट में अमेजन के कुछ अन्य वरिष्ठ अधिकारियों या बाहरी वेंडर्स की मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है, जिसे लेकर पूछताछ जारी है।

अन्य समाचार