मुख्यपृष्ठनए समाचार‘बेटी दोषी है तो उसे कड़ी सजा मिले!’...केतन अग्रवाल मामले में बोले...

‘बेटी दोषी है तो उसे कड़ी सजा मिले!’…केतन अग्रवाल मामले में बोले सिया के माता-पिता

सामना संवाददाता / मुंबई

पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की कथित हत्या के मामले में आरोपी सिया गोयल के माता-पिता ने पहली बार सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जांच और न्यायिक प्रक्रिया में उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। परिवार ने यहां तक कहा कि दोष सिद्ध होने पर सिया के साथ कोई नरमी नहीं बरती जानी चाहिए।
सिया की मां पूजा गोयल ने केतन को अच्छा लड़का बताते हुए कहा कि उसकी मौत से दोनों परिवार पूरी तरह टूट गए हैं। उनके अनुसार, सिया ने कभी यह नहीं बताया था कि वह केतन से विवाह नहीं करना चाहती या रिश्ते को लेकर किसी परेशानी में है। परिवार केतन और सिया की शादी की तैयारियां कर रहा था और दोनों के भविष्य को लेकर उत्साहित था। सिया के पिता प्रवीण गोयल ने भी कहा कि अपराधी चाहे उनकी अपनी बेटी ही क्यों न हो, उसे कानून के अनुसार सबसे कठोर दंड मिलना चाहिए। हालांकि परिवार ने यह भी कहा कि वह अब तक सामने आए आरोपों से स्तब्ध हैं और अंतिम निर्णय अदालत को करना है।
पुलिस का आरोप है कि सिया ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन की हत्या की साजिश रची। १८ जून को लोहगढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान केतन खाई में गिर गया था। शुरुआत में घटना को दुर्घटना माना गया, लेकिन सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड और पूछताछ के बाद पुलिस ने सिया और चेतन को गिरफ्तार किया।
एक-दूसरे पर लगा रहे आरोप
दोनों आरोपी अब एक-दूसरे पर साजिश रचने का आरोप लगा रहे हैं। मामला अभी जांच और न्यायिक परीक्षण के अधीन है इसलिए आरोपों की अंतिम पुष्टि अदालत में ही होगी।

अन्य समाचार