-भाजपा कार्यकर्ताओं पर होगा पहले विचार…शिंदे-दादा गुट में बढ़ी नाराजगी
सामना संवाददाता / मुंबई
सांगली जिले के पालकमंत्री चंद्रकांत पाटील ने स्पष्ट किया है कि महायुति के सीट बंटवारे में पहले भाजपा कार्यकर्ताओं का विचार किया जाएगा। उसके बाद शिंदे गुट और दादा गुट के लोगों पर विचार किया जाएगा। पाटील के इस बयान के बाद शिंदे गुट और दादा गुट में बवाल मच गया है यानी भारी नाराजगी दिखाई दे रही है।
चंद्रकांत पाटील के इस बयान के बाद शिंदे गुट ने कई निर्वाचन क्षेत्रों का स्वतंत्र रूप से परीक्षण किया है। इससे पूरी संभावना जताई जा रही है कि आनेवाले दिनों में सांगली मनपा चुनाव में महायुति टूटनी तय मानी जा रही है।
भाजपा में भारी बगावत के आसार
सांगली-कुपवाड़-मिरज महापालिका में आरक्षण ड्रॉ के बाद अधिकांश योजनाबद्ध राजनीति धरी की धरी रह गई है। महागठबंधन में शामिल भाजपा को उम्मीदवारों को मनाने के लिए चुनौतियों का पहाड़ पार करना होगा। इस मौके पर उम्मीदवारों की भारी भीड़ होने से भाजपा पर बगावत की तलवार लटक रही है। मिरज में मौजूदा नगरसेवकों को ‘सुरक्षित’ आरक्षण घोषित किया गया है। कुछ के टिकट कट गए हैं। आरक्षण के कारण कई पूर्व नगरसेवकों को अपने परिवार की महिलाओं को आगे लाना होगा। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सांगली मनपा महागठबंधन में सभी घटक दल एक साथ लड़ेंगे या अलग-अलग।
