मुख्यपृष्ठग्लैमरआगामी १६ जनवरी को जी स्टूडियोज और बीलाइव की `राहु केतु'

आगामी १६ जनवरी को जी स्टूडियोज और बीलाइव की `राहु केतु’

सोम मिश्रा “शिवम”

आज जब बड़े पर्दे पर सिर्फ़ मारधाड़ वाले और लंबी प्रेमकथाएं छाई रहती हैं, ऐसे में जी स्टूडियोज और बीलाइव प्रोडक्शंस लेकर आ रहे हैं एक ताजा, हटके मनोरंजन-`राहु केतु’।
इस फिल्म में लोक-कथाओं का स्वाद, परिस्थिति आधारित कॉमेडी का तड़का और समाज पर हल्की-फुल्की चुटकी एक साथ बुनी गई है। यह फिल्म रोजमर्रा की भागदौड़ में दर्शकों को खुलकर हंसने का मौका देगी। फुकरे फ़्रैंचाइजी की प्यारी जोड़ी–पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा–एक बार फिर साथ दिखाई देंगे। उनके साथ मुख्य भूमिका में होंगी शालिनी पांडेय।
फिल्म को लिखा और निर्देशित किया है विपुल विग ने, जो फुकरे के भी रचनाकार रहे हैं। फिल्म में पियूष मिश्रा, चंकी पांडे, अमित सियाल और मनुरीषि चड्ढा भी अहम भूमिकाओं में हैं।
हाल ही में जारी मोशन पोस्टर ने उत्सुकता और बढ़ा दी है-उसमें बजती वह चिपकू “पापी” धुन तुरंत सवाल खड़ा करती है कि ये पापी है कौन और किस दुनिया से आया है! पोस्टर खुद फिल्म की नटखट रूह दिखा देता है। “इस जनवरी को बदल जाएगी आपकी दशा और दिशा, सिर्फ सिनेमाघरों में।”
जी स्टूडियोज के सीबीओ उमेश कुमार बंसल कहते हैं, “हम हमेशा ऐसी कहानियां चुनते हैं, जो भीड़ में अलग चमकें और भारतीय दर्शकों से सीधे जुड़ें। `राहु केतु’ ऐसी ही फिल्म है, जो हमारी सांस्कृतिक मान्यताओं को मजाकिया अंदाज में छूती है और एक ऐसी जोड़ी को साथ लाती है, जिसकी कॉमिक टाइमिंग दर्शक बहुत पसंद करते हैं।”
बीलाइव प्रोडक्शन्स के निर्माता सूरज सिंह कहते हैं, “शुरू से ही पता था कि राहु केतु को एक ऐसी टीम चाहिए, जो दिल, व्यंग्य और भव्यता- तीनों को बराबर पकड़े। विपुल का विजन इसी संतुलन को मजबूती से रखता है। यह फिल्म मनोरंजन का वही रंग लेकर आती है, जिसमें हम यक़ीन रखते हैं और साथ ही कुछ बिलकुल नया भी देती है।”
जी स्टूडियोज की प्रस्तुति, जी स्टूडियोज और बीलाइव प्रोडक्शंस की फिल्म `राहु केतु’ नए साल के १६ जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

अन्य समाचार