मुख्यपृष्ठनए समाचारजारी नहीं हुई मतदाता सूची ...चुनाव आयोग की चुप्पी संदिग्ध!... कांग्रेस का...

जारी नहीं हुई मतदाता सूची …चुनाव आयोग की चुप्पी संदिग्ध!… कांग्रेस का जोरदार हमला

सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई मनपा चुनावों के संदर्भ में अभी तक मतदाता सूची जारी नहीं हुई है। इस गंभीर देरी को देखते हुए चुनाव आयोग की चुप्पी संदिग्ध है, क्योंकि मतदाता सूची प्रकाशित करने का ४ नवंबर को वादा किया गया था, जिसे आयोग ने पूरा नहीं किया। इसी को लेकर मुंबई कांग्रेस ने जोरदार हमला किया। साथ ही पार्टी की अध्यक्ष ने स्पष्ट मांग की है कि वोटर लिस्ट करो तुरंत प्रकाशित, ताकि चुनावों से पहले किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका को दूर किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि नगरपालिका चुनावों का बिगुल बज चुका है और महानगरपालिका चुनाव भी जल्द ही होने हैं, लेकिन निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियां समय पर प्रकाशित नहीं की जा रही हैं। मुंबई मनपा ने भी मतदाता सूची अभी तक प्रकाशित नहीं की है, चिंताजनक है। ऐसे में राज्य सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए और निर्वाचन आयोग को मुंबई मनपा समेत सभी महानगरपालिकाओं की मतदाता सूची तुरंत प्रकाशित करनी चाहिए। इस तरह की मांग मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष सांसद वर्षा गायकवाड ने की है।
१४ नवंबर को जारी होनी थी वोटिंग लिस्ट
इस संदर्भ में निर्वाचन आयोग और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भेजे गए पत्र में सांसद वर्षा गायकवाड कहती हैं कि चुनाव आयोग ने घोषणा की थी कि मतदाता सूची ४ नवंबर २०२५ को प्रकाशित की जाएगी। लेकिन इसमें बदलाव करके १४ नवंबर को प्रकाशित करने की जानकारी दी गई, लेकिन वह तारीख भी बीत गई है और अभी तक मतदाता सूची जारी नहीं की गई है।
मतदाता सूची प्रकाशित करने में देरी क्यों हो रही है, इस बारे में निर्वाचन आयोग द्वारा कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है।
मजबूत होता जा रहा है संदेह
सांसद वर्षा गायकवाड ने आगे कहा कि मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की बात कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लगातार सबूतों के साथ उजागर की है। महाराष्ट्र की मतदाता सूचियों में भी ऐसी ही गड़बड़ी राहुल गांधी द्वारा प्रदर्शित की गई है। चुनावों के लिए मतदाता सूचियां महत्वपूर्ण हैं। उन्हें समय पर जारी किया जाना चाहिए, लेकिन निर्वाचन आयोग के समग्र कार्य-संचालन को देखते हुए कहीं कोई गड़बड़ी तो नहीं की जा रही है, ऐसा संदेह मजबूत होता जा रहा है।

अन्य समाचार