मुख्यपृष्ठनए समाचारसिर्फ भाजपा वालों के ‘अच्छे दिन’ ‘छोटे प्रवेश’ के लिए चॉपर से...

सिर्फ भाजपा वालों के ‘अच्छे दिन’ ‘छोटे प्रवेश’ के लिए चॉपर से आया मंत्री! … पूर्व नगरसेवक को कराया पार्टी में शामिल

सामना संवाददाता / मुंबई
भाजपा ने देश की जनता से वादा किया था कि उनके अच्छे दिन आएंगे। जनता के अच्छे दिन तो नहीं आए पर भाजपा के अच्छे दिन जरूर आ गए। हालत यह है कि किसी छोटे नेता व कार्यकर्ता को भी पार्टी में शामिल करना हो तो भाजपा के मंत्री उसके लिए चॉपर का प्रयोग करते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के एक गांव में एक छोटे से प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने के लिए महायुति सरकार के मंत्री चॉपर से पहुंचे। मंत्री के इस भौकाल को देखा तो हैरान होकर लोगों ने दांतों तले उंगलियां दबा लीं। सोलापुर के सांगोला में पूर्व नगरसेवक मारुति आबा बनकर ने कल भाजपा में प्रवेश किया। खास बात यह रही कि इस एक प्रवेश के लिए सोलापुर के पालकमंत्री जयकुमार गोरे चॉपर से सीधे सांगोला पहुंचे। आबा बनकर को उन्होंने भाजपा में प्रवेश दिलाया, उम्मीदवारी घोषित की और फिर चॉपर से अक्कलकोट रवाना हो गए। इस प्रवेश कार्यक्रम के बाद पूर्व विधायक शहाजी बापू पाटील ने भाजपा पर तंज कसते हुए जोरदार हमला बोला। स्थानीय नेताओं ने भाजपा मंत्री के इस भौकाल को देखकर कहा कि भाजपा के लोग चुनाव में पानी की तरह पैसा बहा रहे हैं। छोटे-छोटे कामों के लिए भी वे भारी-भरकम रकम खर्च कर रहे हैं। सवाल यह है कि ये पैसे भाजपा के पास कहां से आ रहे हैं? इसकी जांच होनी चाहिए। एक छोटे से प्रवेश के लिए भाजपा का मंत्री चॉपर से आता है और प्रवेश दिलाकर फिर चला जाता है। लोग यहां त्रासदी, बाढ़ समस्या आदि से परेशान हैं। दाने-दाने के लिए मोहताज हैं, लेकिन भाजपा के मंत्री पैसों की फिजूलखर्ची करने और अपना भौकाल बनाने में जरा भी पीछे नहीं हैं।

अन्य समाचार