-गुरुवार की रात स्वयंसेवियों ने अस्पताल, रेलवे स्टेशन पर बांटा निःशुल्क भोजन…जरूरतमंदों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
अग्रणी सामाजिक संस्था राष्ट्रीय सामाजिक सेवा संघ ने निःशुल्क भोजन वितरण अभियान जारी रखा है। संस्थाध्यक्ष मेराज अहमद खान के नेतृत्व में प्रत्येक गुरुवार को नियमित रूप से संचालित इस अभियान को इस बार भी गुरुवार को गति मिली। संस्था की टीम सुल्तानपुर चिकित्सा महाविद्यालय, जिला अस्पताल और सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। वहां मौजूद मरीजों, तीमारदारों, यात्रियों और गरीब असहाय लोगों को गरम, ताजा और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया भोजन वितरण के दौरान विशेष ध्यान साफ-सफाई और गुणवत्तापूर्ण सामग्री पर दिया गया, ताकि जरूरतमंदों को पौष्टिक आहार मिल सके।
संस्था के संरक्षक निजाम खान ने बताया कि कई बार ऐसे लोग अस्पतालों व सार्वजनिक स्थलों पर घंटों रहने को मजबूर होते हैं, जिनके पास भोजन की समुचित व्यवस्था नहीं होती। ऐसे में संगठन का यह अभियान उनके लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। सदस्यों ने कहा कि भोजन लेने वालों की मुस्कान और उनका आशीर्वाद ही कार्यक्रम को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। अध्यक्ष मेराज अहमद खान ने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ खाना खिलाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी जरूरतमंद को भूखा न रहना पड़े। समाज की सेवा ही संगठन की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने आम लोगों से भी आगे आकर इस तरह के मानवीय कार्यों में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने संगठन के इस अभियान की जमकर सराहना की और इसे जरूरतमंदों के लिए बेहद उपयोगी बताया। संघ ने आगे भी सेवा कार्यों को और विस्तार देने की बात कही है। इस मौके पर प्रदीप श्रीवास्तव, अनिल यादव, आदर्श सिंह, नफीसा बानो, सरदार गुरुप्रीत सिंह, नन्हा,यूसुफ पठान, सुहेल सिद्दीकी, हाजी फैज उल्लाह अंसारी, बैजनाथ प्रजापती, माता प्रसाद जायसवाल भोलू इत्यादि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
