श्रद्धा कपूर इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘ईथा’ की शूटिंग कर रही थीं, जो लावणी डांसर और तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ नारायणगांवकर की बायोपिक है। नासिक के पास औंढेवाडी में शूटिंग के दौरान श्रद्धा एक लावणी डांस सीन कर रही थीं। भारी साड़ी और गहने पहने होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और उनके बाएं पैर की उंगली में चोट आ गई। चोट गंभीर होने पर निर्देशक लक्ष्मण उतेकर को शूटिंग रोकनी पड़ी। एक्ट्रेस चाहती थीं कि बिना मूवमेंट वाले सीन मुंबई में शूट कर लिए जाएं, इसलिए मड आइलैंड में सेट बनाकर काम शुरू हुआ, लेकिन बढ़ते दर्द के कारण इसे भी बंद करना पड़ा। अब उम्मीद है कि करीब दो हफ्ते बाद शूटिंग फिर शुरू होगी।
