मुख्यपृष्ठखबरेंबिहार में राज्य स्तरीय सड़कों पर टोल टैक्स एवं ग्रामीण क्षेत्रों में...

बिहार में राज्य स्तरीय सड़कों पर टोल टैक्स एवं ग्रामीण क्षेत्रों में होल्डिंग टैक्स के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला दहन

अनिल मिश्र / पटना

बिहार की सम्राट चौधरी सरकार द्वारा राज्य स्तरीय (एसएच) सड़कों तथा पुल-पुलियों पर चलने वाले वाहनों से प्रति किलोमीटर 1.25 रुपए से 8.10 रुपए तक टोल टैक्स वसूलने और ग्रामीण क्षेत्रों के घरों से सफाई के नाम पर प्रतिवर्ष 1200 रुपये होल्डिंग टैक्स लेने की घोषणा के विरोध में कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

पुतला दहन कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिठ्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, दामोदर गोस्वामी, राम प्रमोद सिंह, युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, प्रदीप शर्मा, टिंकू गिरी, शिव कुमार चौरसिया, विनोद बनारसी, धर्मेंद्र कुमार निराला, कुमार गौरव, अभिषेक शर्मा, सुनील कुमार पासवान, इंदल पासवान सहित अनेक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इस अवसर पर नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य की खराब आर्थिक स्थिति से जूझ रही सम्राट चौधरी सरकार ने महंगाई और पहले से लगाए गए विभिन्न करों से परेशान बिहारवासियों पर अब राज्य स्तरीय सड़कों तथा पुल-पुलियों पर टोल टैक्स और ग्रामीण क्षेत्रों में होल्डिंग टैक्स का अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला आम जनता के जले पर नमक छिडकने जैसा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी राज्य के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के साथ अन्याय नहीं होने देगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार जब तक इस निर्णय को वापस नहीं लेती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। नेताओं का कहना था कि बिहार में पहले ही अन्य राज्यों की तुलना में कई प्रकार के कर अधिक हैं, इसके बावजूद सरकार नए कर लगाकर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने बताया कि आंदोलन के दूसरे चरण में जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर 8 जुलाई से 12 जुलाई तक धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अन्य समाचार