-राहुल गांधी के कार्यक्रम में बाधा डालने की भाजपा की कोशिश
-एबीवीपी की गुंडागर्दी सरकार के समर्थन बिना संभव नहीं
सामना संवाददाता / मुंबई
पुणे स्थित सीओईपी में आयोजित विपक्ष के नेता राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद को लेकर मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस ने भारतीय जनता पार्टी और एबीवीपी पर तीखा हमला बोला है। राजहंस ने सीधा आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार के संरक्षण के बिना एबीवीपी कार्यकर्ताओं में इस तरह की गुंडागर्दी और दादागीरी करने का साहस नहीं हो सकता।
युवक कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट
पुणे में हुई हिंसक घटना का जिक्र करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि पीड़ित छात्राओं के पक्ष में जब एनएसयूआई और युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता समर्थन में आए, तो उनके साथ मारपीट की गई।
पुलिस की निष्पक्ष जांच की मांग की गई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि किसी भी राजनीतिक दबाव में आए बिना इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
छात्राओं पर दबाव और धमकियों का आरोप
राजहंस ने घटना का ब्यौरा देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान जब छात्राओं ने अपनी छात्रवृत्ति से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सवाल उठाए, तो उनकी समस्याओं को सुनने के बजाय उन्हें डराया-धमकाया गया और उन पर दबाव बनाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने की ऐसी तानाशाही नीति को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
