मुख्यपृष्ठसमाचारकरणी सेना ने अयोध्या-काशी में आस्था के साथ खिलवाड़ पर जताई गहरी...

करणी सेना ने अयोध्या-काशी में आस्था के साथ खिलवाड़ पर जताई गहरी नाराजगी

उमेश गुप्ता/वाराणसी
करणी सेना, वाराणसी इकाई की रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने शहर से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर गहरा रोष व्यक्त किया। अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दान की गई राशि व सामग्रियों में कथित अनियमितताओं और चोरी की घटनाओं पर करणी सेना ने बेहद गंभीर चिंता जताई। संगठन ने इसे “आस्था के साथ खिलवाड़” करार देते हुए उच्च-स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही दोषियों को कड़ी सजा देने की अपील भी की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए पदाधिकारियों ने मंदिर प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी कड़े सवाल उठाए।
वाराणसी के स्थानीय नागरिकों द्वारा काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के दौरान हो रही अनावश्यक कठिनाइयों को लेकर करणी सेना ने प्रशासन से मांग की है कि काशी के मूल निवासियों एवं बुजुर्गों के लिए सुगम दर्शन की अलग व्यवस्था की जाए। ताकि उन्हें काशी नगरी में घंटों कतारों में खड़ा न होना पड़े। भीषण गर्मी और उमस के बीच शहर में जारी अघोषित बिजली कटौती पर भी संगठन ने नाराजगी जताई। बिजली विभाग को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि अविलंब निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो करणी सेना सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।

बैठक में नीट पेपर लीक मामले पर भी चर्चा हुई, जंतर-मंतर पर चल रहे धरना-प्रदर्शन के संदर्भ में कहा गया कि यदि प्रशासन इन समस्याओं पर शीघ्र संज्ञान नहीं लेता है तो करणी सेना जनहित एवं आस्था से जुड़े मुद्दों पर चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर रही है। संगठन ने साफ किया कि ऐसी स्थिति में होने वाली किसी भी अराजकता की पूरी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। बैठक में मौजूद प्रमुख पदाधिकारी में वीर प्रताप सिंह (प्रदेश संगठन महामंत्री, उत्तर प्रदेश), मंगलेश त्रिपाठी (जिलाध्यक्ष), राहुल त्रिपाठी (जिला संगठन महामंत्री, वाराणसी), नवीन सिंह (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), पूजा सिंह (नीलू, मीडिया प्रभारी), अंकित मिश्रा (महामंत्री), शुभम सिंह (सीनू, अध्यक्ष अधिवक्ता प्रकोष्ठ), शुभम यादव (मंत्री), सोनम सिंह, तनुजा सिंह (प्रदेश उपाध्यक्ष, महिला शक्ति) एवं दीपा सिंह आदि मुख्य थे।

अन्य समाचार