अनिल मिश्र / पटना
बिहार की राजधानी पटना स्थित बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की घोषणा के बाद जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने से प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी बीच उनके खिलाफ पश्चिम चंपारण के बेतिया में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने प्रशांत किशोर के खिलाफ बेतिया की अदालत में मानहानि का वाद दायर किया है। सांसद का आरोप है कि प्रशांत किशोर ने एक जनसभा और सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उनके खिलाफ आपत्तिजनक तथा मानहानिकारक टिप्पणियां की थीं।
आरोप के मुताबिक, प्रशांत किशोर ने सांसद पर ओवरब्रिज के अलाइनमेंट में बदलाव कराकर अपने पेट्रोल पंप को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया था। साथ ही उन्होंने कथित तौर पर “तेल चोर” जैसे शब्दों का भी प्रयोग किया। सांसद का कहना है कि इन टिप्पणियों से उनकी और उनके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
मामले में बेतिया कोर्ट ने प्रारंभिक जांच के बाद संज्ञान लेते हुए प्रशांत किशोर को समन जारी किया है। अदालत ने उन्हें 28 जुलाई 2026 को स्वयं अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है।
कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित तिथि पर प्रशांत किशोर या उनके अधिवक्ता उपस्थित नहीं होते हैं, तो मामले में एकतरफा सुनवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकती है।
