कई नेताओं ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में किया नामांकन
सुनील ओसवाल / मुंबई
महानगरपालिका चुनाव के दौरान सत्तारूढ़ महायुति को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। अब शिंदे गुट को भी बड़ा झटका लगा है। टिकट वितरण को लेकर नाराज पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का साथ छोड़ते हुए इस्तीफे देने शुरू कर दिए हैं। मुलुंड इलाके में शिंदे गुट में भारी टूट देखने को मिली है। शिंदे गुट की महिला विभाग प्रमुख और पूर्व नगरसेविका सुजाता पाठक ने पार्टी से बगावत करते हुए निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है।
शिंदे गुट को लगा बड़ा झटका
-सीट बंटवारे को लेकर खुलकर सामने आया असंतोष
सुजाता पाठक के साथ ही पूर्व नगरसेविका सुनंदा सुरेश पाटील, उपविभाग प्रमुख विनोद गायकवाड़, पूर्वोत्तर मुंबई युवासेना विभाग प्रमुख गुरुजोत सिंह किर समेत कई अहम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
महानगरपालिका चुनाव के बीच हुए इन इस्तीफों को शिंदे गुट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। सीट बंटवारे को लेकर महायुति में पहले से ही असंतोष का माहौल था, जो अब खुलकर सामने आ गया है।
मुलुंड के कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी
मुलुंड में शिंदे गुट को एक भी सीट न मिलने से कार्यकर्ताओं में गहरी नाराजगी है। इसी नाराजगी के चलते बगावत का रास्ता अपनाया गया है और मुलुंड विधानसभा क्षेत्र के चार वार्डों से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है। पदाधिकारियों का कहना है कि पहचान और कार्यकर्ताओं के आत्मसम्मान को बचाने के लिए यह कठोर निर्णय लेना पड़ा। आगे भी इस्तीफों की यह श्रृंखला जारी रहने की संभावना जताई जा रही है, जिससे मुलुंड सहित मुंबई के राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
