मुख्यपृष्ठटॉप समाचारमीनाक्षी और राजेंद्र शिंदे की गिरफ्तारी होनी ही चाहिए!

मीनाक्षी और राजेंद्र शिंदे की गिरफ्तारी होनी ही चाहिए!

-`न्याय दो, न्याय दो…’, पूर्णेकर परिवार सहित ठाणेकरों का पुलिस स्टेशन के बाहर धरना

सामना संवाददाता / ठाणे

शिवसेना के मानपाड़ा विभागप्रमुख प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड में मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित पूर्णेकर परिवार और सर्वदलीय कार्यकर्ताओं ने नौपाड़ा पुलिस स्टेशन के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। विवाद उस समय गहरा गया जब मृतक प्रदीप पूर्णेकर के पुत्र राम पूर्णेकर पालकमंत्री एकनाथ शिंदे के आवास के बाहर शांतिपूर्ण धरना देने पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें जबरन हिरासत में ले लिया और घसीटते हुए ऑटोरिक्शा में ठूंसकर थाने ले आई।
पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी विजेता पूर्णेकर, बेटी खुशबू और भाई जयनाथ पूर्णेकर के साथ शिवसेना नेता राजन विचारे, केदार दिघे, मनसे जिलाध्यक्ष अविनाश जाधव, कांग्रेस नेता विक्रांत चव्हाण और राष्ट्रवादी कांग्रेस के मनोज प्रधान सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता नौपाड़ा पुलिस स्टेशन पहुंचे। नेताओं ने वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक योगेश आव्हाड और जांच अधिकारी शैलेश सालवी को आड़े हाथों लिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हत्याकांड में पांच लोगों की गिरफ्तारी के बावजूद असली मास्टरमाइंड पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे खुलेआम घूम रहे हैं। आठ दिनों से लगातार सबूत सौंपने के बाद भी पुलिस राजनीतिक दबाव के कारण उनके खिलाफ कार्रवाई से बच रही है। शिवसेना नेता राजन विचारे ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि घटना के २८ दिन बीत जाने और पर्याप्त सबूत देने के बाद भी पुलिस का आंखें मूंदे रहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। परिजनों ने भी आरोप लगाया कि पुलिस अपराधियों को संरक्षण देकर न्याय मांगने वालों के साथ बर्बरता कर रही है।
-भयमुक्त ठाणे के लिए आदित्य ठाकरे के नेतृत्व में कल महाआंदोलन
-प्रदीप पूर्णेकर को इंसाफ दिलाने पुलिस आयुक्त से मिलेंगे
प्रदीप पूर्णेकर को न्याय दो, मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करो, पालकमंत्री एकनाथ शिंदे का इस्तीफा लो और ठाणे को भयमुक्त करो, इन मांगों को लेकर गुरुवार, २९ अक्टूबर को शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे के नेतृत्व में ठाणे में सर्वदलीय महाआंदोलन होगा। जांभली नाका स्थित चिंतामणि चौक पर शाम ५ बजे यह महाआंदोलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें शिवसेना नेता व सांसद संजय राऊत भी उपस्थित रहेंगे। आदित्य ठाकरे ने कहा कि ठाणे `क्राइम कैपिटल’ बन चुका है; ड्रग माफिया और अपराध के शिकंजे में फंसे ठाणे को भयमुक्त करो, यह नारा इस आंदोलन में बुलंद किया जाएगा।

अन्य समाचार