मुख्यपृष्ठनए समाचारगयाजी में गड़बड़ घोटाला... पुलिसवाला ही निकला लुटेरा! ...चलती ट्रेन में यात्री...

गयाजी में गड़बड़ घोटाला… पुलिसवाला ही निकला लुटेरा! …चलती ट्रेन में यात्री से छीना था रु. १.४४ करोड़ का सोना

बिहार के गया रेलवे स्टेशन पर कानून के रखवालों द्वारा ही कानून तोड़ने के एक सनसनीखेज मामला में बड़ा एक्शन हुआ। जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस में एक रेल यात्री से डरा-धमकाकर एक किलो सोने के बिस्कुट छीनने के आरोप में रेल एसपी इनामुल हक ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में संलिप्त गया जीआरपी के चार जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में गया जीआरपी थानाध्यक्ष राजेश कुमार को भी निलंबित करने की अनुशंसा डीआईजी से की गई है।
घटना बीते २० नवंबर की है, जब जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस गया-कोडरमा रेलखंड से गुजर रही थी। ट्रेन में सवार कानपुर के एक सोना व्यापारी का स्टाफ कीमती सोने के बिस्कुट लेकर जा रहा था। आरोप है कि गया जीआरपी के चार जवानों ने यात्री को अकेले पाकर उसे डराया-धमकाया और चेकिंग के नाम पर उसके पास मौजूद एक किलो सोना लूट लिया। पीड़ित कर्मचारी ने इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया। रेल एसपी इनामुल हक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच के आदेश दिए थे। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पीड़ित के बयानों के आधार पर चारों जवानों की संलिप्तता की पुष्टि हुई। रेल एसपी ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जवानों के इस कृत्य से पुलिस महकमे की छवि धूमिल हुई है, जिसके कारण उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
थानाध्यक्ष पर भी कार्रवाई की तैयारी
सिर्फ जवानों पर ही नहीं, बल्कि इस पूरे मामले में लापरवाही बरतने के लिए थानाध्यक्ष राजेश कुमार को भी घेरे में लिया गया है। एसपी ने उनकी भूमिका और सुपरविजन में कमी को देखते हुए उन्हें निलंबित करने के लिए डीआईजी को रिपोर्ट भेज दी है। रेल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

अन्य समाचार